नेशनल डेस्क: राजस्थान के कैला देवी मंदिर से दर्शन कर लौट रहे इटावा के श्रद्धालुओं के साथ गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। चित्राहट थाना क्षेत्र के पई गांव के पास उनकी तेज रफ्तार बोलेरो कार सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकरा गई। इस भीषण हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, इटावा निवासी एक ही परिवार के आठ लोग बुधवार को बोलेरो कार से राजस्थान के कैला देवी मंदिर दर्शन के लिए गए थे। गुरुवार रात करीब 11 बजे जब वे वापस लौट रहे थे। तभी पई गांव के पास अचानक कार अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और अंदर बैठे लोग उसमें फंस गए।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस को सूचना दी और कार के शीशे तोड़कर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद सभी घायलों को नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों में 35 वर्षीय देवेंद्र, उनकी 30 वर्षीय पत्नी सीमा देवी, तीन साल की बेटी आराध्या, 70 वर्षीय पिता कांता प्रसाद और 20 वर्षीय चालक ऋषि शामिल हैं। वहीं हादसे में देवेंद्र का बेटा आदित्य, ऋषभ, उनकी पत्नी रश्मि और अवनीश घायल हो गए। प्राथमिक इलाज के बाद सभी घायलों को सैफई मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
ग्रामीणों के अनुसार, हादसा इतना भयानक था कि कार के दरवाजे जाम हो गए थे, जिससे लोगों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि चालक को झपकी आने के कारण यह हादसा हुआ। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

