नेशनल डेस्क: ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें कम से कम 4 लोगों की जान चली गई और 20 से ज्यादा लोग घायल हो गए। यह दुर्घटना राष्ट्रीय राजमार्ग 143 पर मंगलवार रात हुई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस के अनुसार, एक बस राउरकेला से जाजपुर जिले के मंगलपुर की ओर जा रही थी। रास्ते में चांदीपुर थाना क्षेत्र के पास बस की सामने से आ रहे एक ट्रक से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों के ड्राइवरों की मौके पर ही मौत हो गई।
ये भी पढ़ें: तेल संकट को लेकर पाक पेट्रोलियम मंत्री का छलका दर्द, कहा- हमारे पास एक दिन का भी पेट्रोल नहीं, भारत की स्थिति बेहतर
जानकारी के मुताबिक, हादसे के समय बस में कई यात्री सवार थे। दो लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया और दो अन्य की मौत अस्पताल में इलाज के दौरान हुई। बाकी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे के बाद स्थिति काफी भयावह हो गई थी। बस के कुछ यात्री अंदर फंस गए थे, जिन्हें निकालने के लिए स्थानीय लोगों और पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। बस के हिस्से को काटकर घायलों को बाहर निकाला गया।
एक घायल यात्री ने बताया कि बस चालक अचानक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा था। पहले बस सड़क के डिवाइडर से टकराई और उसके बाद सामने से आ रहे ट्रक से भिड़ गई, जिससे यह बड़ा हादसा हो गया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रशासन की ओर से घायलों को हर संभव मदद देने का आश्वासन दिया गया है।
ये भी पढ़ें: मजबूत ग्लोबल संकेतों से शेयर बाजार बढ़त के साथ खुला, डिफेंस और ऑटो शेयर चमके

