Site icon Dainik Savera Times

Delhi-Mumbai Expressway पर दर्दनाक हादसा, पिकअप में आग लगने से तीन की मौत

Tragic accident on Delhi-Mumbai Expressway

Tragic accident on Delhi-Mumbai Expressway

नेशनल डेस्क: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। रैणी थाना क्षेत्र में रात करीब एक बजे एक पिकअप वाहन में अचानक आग लग गई। इस हादसे में पिकअप में सवार तीन लोगों की जिंदा जलने से मौके पर ही मौत हो गई और एक व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गया। घायल को प्राथमिक इलाज के बाद जयपुर रेफर किया गया है।

पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में आशंका है कि पिकअप वाहन को ड्राइवर साइड की ओर से किसी अन्य वाहन ने टक्कर मार दी थी। टक्कर लगते ही पिकअप में आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि वाहन में बैठे लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका। बाद में जब पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तो तीनों शव सीट से चिपके हुए मिले।

ये भी पढ़ें: CM योगी ने नए साल से पहले युवाओं को दिया बड़ा तोहफा, इस पद पर निकाली बंपर भर्ती

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान मोहित, निवासी बहादुरगढ़ (हरियाणा), दीपेंद्र और पदम, दोनों निवासी सागर (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है। वहीं पिकअप चला रहा ड्राइवर हन्नी, निवासी झज्जर (हरियाणा), गंभीर रूप से झुलस गया। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और उसे जयपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

आग लगने की घटना के बाद एक्सप्रेस-वे पर अफरा-तफरी मच गई। जलती हुई पिकअप को देखकर वाहन चालकों में दहशत फैल गई और सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब तक राहत और बचाव कार्य शुरू हुआ, तब तक पिकअप पूरी तरह जल चुकी थी। आग बुझाने के लिए मौके पर पानी या अन्य संसाधनों की कोई व्यवस्था नहीं थी, जिससे लोग चाहकर भी मदद नहीं कर पाए।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एक्सप्रेस-वे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि पिकअप को टक्कर मारने वाला वाहन कौन सा था। मृतकों के शवों को रैणी अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। वाहन नंबर के आधार पर यह जानकारी मिली कि पिकअप झज्जर, हरियाणा में पंजीकृत थी। इसके बाद पुलिस ने मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है। परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी।

Video: अंबाला में घना कोहरा और ठंड से किसान परेशान

Exit mobile version