Tree falls on school bus in Mumbai: मुंबई में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। चेंबूर इलाके में बच्चों को लेकर जा रही एक स्कूल बस पर अचानक एक बड़ा पेड़ गिर गया। हादसे में एक छात्र की मौत हो गई, जबकि 10 से ज्यादा बच्चे घायल हो गए। घायलों में कुछ बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
दोपहर करीब 2:50 बजे हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा दोपहर करीब 2:50 बजे हुआ। तिलकनगर स्थित यूनिवर्सल स्कूल की बस चेंबूर के 11 नंबर रोड से गुजर रही थी। तभी अचानक सड़क किनारे खड़ा एक बड़ा पेड़ बस पर गिर पड़ा। हादसे के समय बस में कई स्कूली बच्चे सवार थे।
मौके पर अफरा-तफरी
पेड़ गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और बचाव दल ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और सभी बच्चों को बस से सुरक्षित बाहर निकाला। हालांकि, एक छात्र पेड़ की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई। हादसे में घायल हुए 10 से ज्यादा बच्चों में से 4 छात्रों को जेन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाकी बच्चों का भी इलाज किया जा रहा है।
खतरनाक पेड़ों की छंटाई या उन्हें हटाने की मांग की थी
स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने पहले भी कई बार बीएमसी (बृहन्मुंबई महानगरपालिका) को पत्र लिखकर इलाके में पुराने और खतरनाक पेड़ों की छंटाई या उन्हें हटाने की मांग की थी। उनका आरोप है कि पहले भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन कई शिकायतों के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

