Site icon Dainik Savera Times

तृणमूल कांग्रेस के निर्वाचित ग्राम पंचायत सदस्य की हत्या

कोलकाता: पश्चिम बंगाल में चुनाव संबंधी हिंसा की कड़ी में दक्षिण परगना जिले में तृणमूल कांग्रेस के एक निर्वाचित ग्राम पंचायत सदस्य की हत्या कर दी गई है। घटना शुक्रवार देर रात मगराहाट में हुई और मृतक की पहचान मोइमुर घरामी के रूप में हुई है। इसके साथ, राज्य में हाल ही में संपन्न पंचायत चुनावों से जुड़ी हिंसा में मरने वालों की कुल संख्या बढ़कर 55 हो गई है।

हमले के दौरान, घरामी के करीबी सहयोगी सहजन मोल्ला को गोली मार दी, जिसका एक स्थानीय अस्पताल में इलाज चल रहा है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।इस बीच, हत्या के सिलसिले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इलाके के स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि घरामी जब घर लौट रहा था तो अचानक अज्ञात बदमाशों के एक समूह ने उसे घेर लिया। घरामी पर पहले धारदार हथियार से वार किया गया और फिर करीब से गोली मार दी गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

उसे बचाने दौड़े मोल्ला को भी हमलावरों ने गोली मार दी। उपमंडलीय पुलिस अधिकारी मितुन डे के नेतृत्व में डायमंड हार्बर जिला पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। डे ने कहा, ’मृतक दक्षिण 24 परगना जिले के मगराहाट (पूर्व) ब्लॉक के अजरुनपुर से निर्वाचित ग्राम पंचायत सदस्य था। हाल ही में उनका कुछ स्थानीय असामाजिक तत्वों से झगड़ा हो गया था। हत्या शायद उसी के संदर्भ में की गई है।’

Exit mobile version