त्रिपुरा उपचुनाव : मतगणना शुरू, माकपा ने धांधली का आरोप लगाते हुए बहिष्कार किया
September 8, 2023
अगरतला: त्रिपुरा के सिपाहीजाला जिले में दो विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के लिए मतगणना शुक्रवार सुबह आठ बजे शुरू हो गयी।अधिकारियों ने बताया कि जिले की धनपुर और बॉक्सानगर विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए पांच सितंबर को मतदान हुआ था। दोनों सीटों पर औसतन 86.50 फीसदी मतदान हुआ था।मतगणना कड़ी सुरक्षा के बीच सोनमुरा गल्र्स स्कूल में हो रही है।
विपक्षी दल मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने मतदान के दौरान बड़े पैमाने पर धांधली और निर्वाचन आयोग द्वारा कोई कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए मतगणना का बहिष्कार किया है। दोनों सीटों पर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और माकपा के बीच ही मुकाबला है क्योंकि दो अन्य विपक्षी दलों टिपरा मोथा और कांग्रेस ने कोई प्रत्याशी नहीं उतारा है। सिपाहीजाला के जिला मजिस्ट्रेट विशाल कुमार ने कहा कि मतगणना सुचारू और पारदर्शी तरीके से कराने के लिए सभी कदम उठाए गए हैं।
उन्होंने से कहा, ‘‘मतगणना के दौरान और उसके बाद शांति सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं।’’ माकपा विधायक समसुल हक के निधन के कारण बॉक्सानगर निर्वाचन क्षेत्र में उपचुनाव आवशय़क हो गया था। वहीं, केंद्रीय मंत्री प्रतिमा भौमिक के धनपुर के विधायक पद से इस्तीफा देने के बाद इस सीट पर उपचुनाव कराना जरूरी हो गया था।भाजपा के तफज्जल हुसैन बॉक्सानगर सीट पर माकपा के उम्मीदवार मिजान हुसैन के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। बॉक्सनगर विधानसभा क्षेत्र में कुल 43,087 मतदाताओं में से 66 प्रतिशत मतदाता अल्पसंख्यक हैं। फरवरी में हुए पिछले विधानसभा चुनाव में माकपा इस सीट को बरकरार रखने में कामयाब रही थी।
कभी वामपंथियों का गढ़ माने जाने वाले धनपुर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा की बिंदु देबनाथ और माकपा के कौशिक देबनाथ के बीच मुकाबला है। इस सीट पर 50,346 मतदाता मतदान के पात्र हैं जिनमें से 8,000 से अधिक आदिवासी मतदाता हैं। सात महीने पहले हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने पहली बार इस सीट पर जीत हासिल की थी। त्रिपुरा की 60 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के 31 विधायक हैं और उसके सहयोगी दल इंडीजीनस पीपुल्स फ्रंट ऑफ त्रिपुरा (आईपीएफटी) का एक विधायक है। विपक्षी टिपरा मोथा के 13, माकपा के 10 और कांग्रेस के तीन विधायक हैं।