नेशनल डेस्क: तमिल फिल्म इंडस्ट्री की मशहूर अभिनेत्री तृषा कृष्णन को लेकर बड़ी राजनीतिक चर्चा शुरू हो गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, तृषा जल्द ही तमिलगा वेट्ट्री कजगम (TVK) में शामिल हो सकती हैं। यह पार्टी अभिनेता और नेता थलपति विजय की है।
विजय खुद तृषा को चुनाव लड़ने के लिए मना रहे: रिपोर्ट्स
रिपोर्ट्स में कहा गया है कि TVK के नेता चाहते हैं कि तृषा राजनीति में कदम रखें और तमिलनाडु की तिरुचिरापल्ली पूर्व विधानसभा सीट से उपचुनाव लड़ें। बताया जा रहा है कि विजय खुद भी उन्हें चुनाव लड़ने के लिए मनाने की कोशिश कर रहे हैं। हाल ही में हुए तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में थलपति विजय ने दो सीटों पेरम्बूर और तिरुचिरापल्ली पूर्व से बड़ी जीत हासिल की थी। लेकिन चुनाव नियमों के मुताबिक कोई भी नेता दो सीटें अपने पास नहीं रख सकता। इसलिए विजय को एक सीट छोड़नी होगी।
तिरुचिरापल्ली पूर्व सीट से इस्तीफा दे सकते हैं विजय
रिपोर्ट्स के अनुसार, विजय और उनकी पार्टी पेरम्बूर सीट अपने पास रखना चाहती है, क्योंकि वहां उन्हें ज्यादा बड़े अंतर से जीत मिली थी। ऐसे में माना जा रहा है कि वह तिरुचिरापल्ली पूर्व सीट से इस्तीफा दे सकते हैं। अगर ऐसा होता है तो वहां उपचुनाव कराया जाएगा। इसी सीट से अब तृषा कृष्णन को उम्मीदवार बनाने की चर्चा तेज हो गई है।
हालांकि कहा जा रहा है कि तृषा के पास राजनीतिक अनुभव नहीं है और फिलहाल वह राजनीति में आने को लेकर पूरी तरह तैयार नहीं हैं। इसके अलावा कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया है कि थलपति विजय 7 मई को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। हालांकि इस बारे में अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

