Tumkur Temple: कर्नाटक के टुमकुरु जिले में कथित जातिगत भेदभाव का मामला सामने आया है। तूरुवेकेरे तालुक के गोनी गांव स्थित अरसम्मा मंदिर में एक नवविवाहित दलित दंपती को कथित तौर पर अपमानित कर परिसर से बाहर निकाल दिया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू की है।
‘आवेश’ का दावा कर रोका प्रवेश
जानकारी के मुताबिक, हाल ही में शादी के बंधन में बंधा एक दलित जोड़ा मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचा था। इसी दौरान ऊंची जाति से जुड़े नारायणप्पा नामक व्यक्ति ने खुद को देवी-देवता का अवतार बताते हुए ‘आवेश’ की स्थिति का दावा किया। आरोप है कि उसने कहा कि दलित परिवार को मंदिर में प्रवेश की अनुमति नहीं है और उन्हें तुरंत वहां से जाने को कहा।
ये भी पढ़ें- कुत्ते का प्यार बना जानलेवा: महिला को हुआ सेप्सिस, काटने पड़े हाथ-पैर
परिजनों का कहना है कि उन्हें डांट-फटकार कर सार्वजनिक रूप से अपमानित किया गया और मंदिर परिसर से बाहर कर दिया गया। मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में वायरल हो गया।
पुलिस में शिकायत, एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज
घटना से आहत पीड़ित जगदीश ने तूरुवेकेरे पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने नारायणप्पा सहित प्रभा, कांतन्ना, अमूल्या, पुट्टेगौड़ा और पद्मा समेत अन्य के खिलाफ अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस ने मुख्य आरोपी नारायणप्पा को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है और यदि अन्य लोगों की संलिप्तता पाई जाती है तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने दिए सख्त कार्रवाई के संकेत
स्थानीय प्रशासन ने कहा है कि धार्मिक स्थलों पर किसी भी प्रकार का भेदभाव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।