नेशनल डेस्क: दिल्ली के तुर्कमान गेट इलाके में हाल ही में हुई पत्थरबाजी और हिंसा की घटना के बाद आज फैज-ए-इलाही मस्जिद में जुमे की नमाज अदा की जाएगी। इस दौरान इलाके में शांति बनाए रखने के लिए दिल्ली पुलिस के साथ-साथ पैरामिलिट्री फोर्स को तैनात किया गया है। प्रशासन ने किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की है।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, तुर्कमान गेट और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया गया है। फैज-ए-इलाही मस्जिद के बाहर और आसपास बड़ी संख्या में पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है। इलाके पर लगातार नजर रखी जा रही है ताकि हालात बिगड़ने न पाएं।
ये भी पढ़ें: Aaj ka mausam 9 Jan 2026: देशभर में मौसम का डबल अटैक: उत्तर में कोहरा-ठंड, दक्षिण में भारी बारिश का खतरा
मस्जिद के मुख संरक्षक नजमुद्दीन चौधरी ने लोगों से संयम और समझदारी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात को देखते हुए लोग भीड़ से बचें और यदि संभव हो तो अपने घर या नजदीकी मस्जिद में ही नमाज अदा करें। उनका कहना है कि शांति बनाए रखना सबसे जरूरी है।
हिंसा की वजह
बताया जा रहा है कि 6 नवंबर की आधी रात को तुर्कमान गेट इलाके में हालात उस समय बिगड़ गए, जब दिल्ली नगर निगम की टीम फैज-ए-इलाही मस्जिद के पास अवैध अतिक्रमण हटाने पहुंची थी। इस कार्रवाई का स्थानीय लोगों ने विरोध किया, जो धीरे-धीरे हिंसा में बदल गया। भीड़ ने पुलिस और एमसीडी टीम पर पत्थरबाजी शुरू कर दी, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। स्थिति नियंत्रण से बाहर होते देख पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। इसके बाद इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया। हालात को काबू में रखने के लिए बीएनएस की धारा 163 लागू की गई, जिसके तहत चार से अधिक लोगों के एक साथ जमा होने पर रोक लगा दी गई थी।
जांच और शांति की अपील
हिंसा की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस अब फॉरेंसिक जांच के जरिए यह पता लगाने में जुटी है कि कहीं यह हिंसा किसी साजिश के तहत तो नहीं की गई थी। प्रशासन का कहना है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और हालात सामान्य करने की कोशिशें जारी हैं। पुलिस और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें, शांति बनाए रखें और प्रशासन का पूरा सहयोग करें।
ये भी पढ़ें: औंधे मुंह गिरी चांदी की कीमतें, सोना भी हुआ सस्ता, जानें नए रेट

