Last Updated: October 13, 2026

Dainik Savera Times Logo

Twisha Sharma का पति समर्थ सिंह जबलपुर कोर्ट में सरेंडर करने पहुंचा, पुलिस ने लिया हिरासत में

May 22, 2026

Twisha Sharma का पति समर्थ सिंह जबलपुर कोर्ट में सरेंडर करने पहुंचा, पुलिस ने लिया हिरासत में

Twisha Sharma Case: भोपाल की चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में बड़ा मोड़ सामने आया है। करीब 10 दिनों तक फरार रहने के बाद ट्विशा के पति और मुख्य आरोपी समर्थ सिंह शुक्रवार को जबलपुर कोर्ट पहुंचे, जहां पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। कोर्ट परिसर से उनका एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह सिर पर कैप और चेहरे पर कपड़ा बांधे दिखाई दे रहे हैं।

 

समर्थ सिंह कोर्ट में कुछ भी बोलने से बचते नजर आए। उनके साथ मौजूद वकील लगातार मीडिया और लोगों से उन्हें बचाने की कोशिश कर रहे थे। दूसरी ओर, ट्विशा शर्मा के परिवार के वकील भी कोर्ट में मौजूद रहे और उन्होंने मामले में विरोध दर्ज कराया।

समर्थ सिंह पर था 30 हजार रुपये का इनाम
पुलिस ने समर्थ सिंह पर 30 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। साथ ही उनके खिलाफ लुकआउट नोटिस भी जारी किया गया था ताकि वह देश छोड़कर भाग न सकें। जानकारी के अनुसार, समर्थ सिंह के वकील पहले ही जबलपुर कोर्ट पहुंचे थे। हालांकि कोर्ट ने साफ कहा कि मामला भोपाल का है, इसलिए सरेंडर भोपाल में किया जाना चाहिए। इसके बावजूद समर्थ सिंह जबलपुर कोर्ट पहुंचे, जहां पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।

AIIMS के डॉक्टर करेंगे दूसरा पोस्टमार्टम
मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने इस मामले को गंभीर मानते हुए ट्विशा शर्मा का दोबारा पोस्टमार्टम कराने के आदेश दिए हैं। कोर्ट ने कहा है कि दिल्ली AIIMS के डॉक्टरों की टीम इस पोस्टमार्टम को करेगी। ट्विशा शर्मा की मौत 12 मई की रात भोपाल स्थित ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई थी। मौत के बाद से ही उनका पति समर्थ सिंह फरार चल रहा था। ट्विशा के परिवार ने पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह पर दहेज प्रताड़ना, मानसिक उत्पीड़न और शारीरिक हिंसा जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।

शादी के सिर्फ 5 महीने बाद हुई मौत
33 वर्षीय ट्विशा शर्मा मूल रूप से नोएडा की रहने वाली थीं। उन्होंने MBA की पढ़ाई की थी और दिल्ली की एक निजी कंपनी में नौकरी करती थीं। नौकरी के साथ-साथ ट्विशा मॉडलिंग और तेलुगु फिल्मों में भी काम कर चुकी थीं। इसी दौरान उनकी मुलाकात एक डेटिंग ऐप के जरिए समर्थ सिंह से हुई थी। दोनों के बीच दोस्ती बढ़ी और बाद में परिवार की सहमति से दिसंबर 2025 में शादी हुई। लेकिन शादी के महज पांच महीने बाद ट्विशा की रहस्यमय मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

परिवार ने उठाए सास के फोन कॉल्स पर सवाल
ट्विशा के परिवार ने आरोप लगाया है कि उनकी मौत के अगले दिन सास गिरिबाला सिंह ने कई प्रभावशाली लोगों को फोन किए थे। परिवार का दावा है कि इन कॉल्स में कुछ लोग न्यायपालिका से जुड़े हुए थे, जबकि कुछ रिश्तेदार और अन्य परिचित थे। परिजनों के अनुसार, गिरिबाला सिंह ने कुल 46 प्रभावशाली लोगों से बात की थी। अब परिवार इन फोन कॉल्स को लेकर सवाल उठा रहा है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहा है।

सुसाइड या साजिश?  
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। ट्विशा शर्मा की मौत आत्महत्या थी या इसके पीछे कोई साजिश है, यह जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा। इस मामले ने सोशल मीडिया से लेकर कानूनी गलियारों तक बड़ी चर्चा पैदा कर दी है और लोग निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें