
नेशनल डेस्कः नोएडा से भोपाल में विवाह के बाद आई 31 वर्षीय मॉडल और एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत का मामला लगातार नए मोड़ ले रहा है। इस हाई-प्रोफाइल केस में सच्चाई तक पहुंचने के लिए रविवार को भोपाल एम्स में कड़ी सुरक्षा के बीच शव का दोबारा पोस्टमार्टम कराया गया। यह प्रक्रिया हाईकोर्ट के निर्देश पर की गई, ताकि मौत के कारणों को लेकर उठ रहे सवालों का स्पष्ट जवाब मिल सके। पोस्टमार्टम करीब तीन घंटे चला, जिसके बाद दिल्ली एम्स से आई विशेषज्ञों की टीम वापस लौट गई।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। ट्विशा को लाल जोड़े में अर्थी पर लिटाया गया, जिससे माहौल बेहद भावुक हो गया। शाम करीब सवा 5 बजे भदभदा श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके भाई ने चिता को मुखाग्नि दी। इस दौरान घाट पर बड़ी संख्या में पुलिस बल और मीडियाकर्मी मौजूद रहे, साथ ही कई पूर्व सैनिक भी अंतिम संस्कार में शामिल हुए।

इस बीच, मामला अब राष्ट्रीय स्तर पर भी सुर्खियों में है। सुप्रीम कोर्ट ने इस पर संज्ञान लेते हुए विशेष सुनवाई तय की है। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जोयमाल्य बागची और न्यायमूर्ति विपुल एम. पंचोली की पीठ सोमवार, 25 मई को इस मामले की सुनवाई करेगी। शीर्ष अदालत ने इसे “ससुराल में एक युवती की संदिग्ध/अप्राकृतिक मृत्यु से जुड़ा मामला, जिसमें संस्थागत पूर्वाग्रह और प्रक्रियात्मक अनियमितताओं के आरोप शामिल हैं” के रूप में दर्ज किया है, जिससे शुरुआती पुलिस और प्रशासनिक कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठे हैं।

गौरतलब है कि ट्विशा शर्मा 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स स्थित अपने ससुराल में फंदे पर लटकी मिली थीं। दिसंबर में उनका विवाह हुआ था। घटना के बाद परिजनों ने दहेज प्रताड़ना के आरोप लगाए, जिसके आधार पर पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। करीब 10 दिन तक फरार रहने के बाद पति समर्थ सिंह ने जबलपुर कोर्ट में आत्मसमर्पण किया था, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर भोपाल लाकर सात दिन की रिमांड पर लिया है। वहीं, सास गिरिबाला सिंह बार-बार नोटिस दिए जाने के बावजूद पूछताछ के लिए पुलिस के सामने पेश नहीं हुई हैं।

मृतका के भाई मेजर हर्षित शर्मा ने मामले की निष्पक्ष जांच के लिए सीबीआई जांच की मांग दोहराई है। राज्य सरकार पहले ही सीबीआई जांच की सिफारिश कर चुकी है। फिलहाल सभी की नजरें दूसरी पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई पर टिकी हैं।
मेष: दिन शुभ रहेगा...