
नई दिल्ली : द्वारका जिले के बिंदापुर थाना पुलिस ने धोखाधड़ी और चोरी की वारदातों में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनकी पहचान रघुबीर नगर निवासी सूरज उर्फ चुगल (25) और आकाश सोलंकी उर्फ कालिया (22) के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी से तीन मामले सुलझाने का दावा किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 28 सितंबर को एक महिला ने शिकायत दी थी कि दो युवकों ने उसे झांसे में लेकर उसकी सोने की चेन और बालियां उतरवा ली थीं। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान हुई, लेकिन वारदात के बाद वे दिल्ली से बाहर भाग गए थे।
28 अक्टूबर को पुलिस को सूचना मिली कि दोनों आरोपी उत्तम नगर इलाके में घूम रहे हैं। इसके बाद टीम ने घेराबंदी कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में मिले दोनों मोबाइल फोन बिंदापुर इलाके से चोरी के निकले। पूछताछ में आरोपियों ने शुकर बाजार, उत्तम नगर में महिला के साथ ठगी की वारदात कबूल की। पुलिस के मुताबिक, दोनों नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी और ठगी करते थे। सूरज के खिलाफ पहले से चोरी और धोखाधड़ी के आठ से अधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अन्य वारदातों और चोरी की संपत्ति की बरामदगी के लिए जांच कर रही है।