Site icon Dainik Savera Times

PM मोदी कल करेंगे उदयपुर-चंडीगढ़ ट्रेन का उद्घाटन, जानें पूरा शेड्यूल

उदयपुर: भारतीय रेलवे एक और ऐतिहासिक कदम उठाने जा रहा है। पहली बार मेवाड़ की झीलों की नगरी उदयपुर को सीधे चंडीगढ़ से जोड़ने वाली सुपरफास्ट ट्रेन सेवा शुरू की जा रही है। यह सेवा न केवल दो प्रमुख शहरों को जोड़ेगी, बल्कि उत्तर भारत और पश्चिम भारत के पर्यटन, व्यापार और शैक्षणिक गतिविधियों को भी नया आयाम देगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस ट्रेन को 25 सितंबर 2025 को बांसवाड़ा से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हरी झंडी दिखाएंगे। उद्घाटन समारोह के दौरान मावली जंक्शन और भीलवाड़ा स्टेशन पर भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें स्थानीय जनप्रतिनिधि और रेलवे अधिकारी शामिल होंगे।

ट्रेन का शेड्यूल और टाइमिंग:

ट्रेन संख्या 20989 उदयपुर से चंडीगढ़

प्रस्थान: हर बुधवार और शनिवार को दोपहर 4:05 बजे

पहुंच: अगले दिन सुबह 9:50 बजे चंडीगढ़

ट्रेन संख्या 20990, चंडीगढ़ से उदयपुर

ये ट्रेन हर गुरुवार और रविवार को सुबह 11:20 बजे से प्रस्थान करेगी। और अगले दिन सुबह 5:25 बजे उदयपुर पहुंचेगी।यह ट्रेन 27 सितंबर 2025 से नियमित रूप से संचालित होगी। सप्ताह में दो दिन यह सेवा दोनों दिशाओं में चलेगी।

किन शहरों को मिलेगा सीधा लाभ?

यह ट्रेन केवल उदयपुर और चंडीगढ़ को ही नहीं जोड़ेगी, बल्कि इसके रास्ते में पड़ने वाले भीलवाड़ा, अजमेर, जयपुर, दिल्ली, अंबाला जैसे प्रमुख स्टेशनों के यात्रियों को भी बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। इससे यात्रियों को न केवल समय की बचत होगी, बल्कि सफर भी ज्यादा आरामदायक होगा।

पर्यटन और व्यापार को मिलेगा बढ़ावा

उदयपुर, जहां हर साल हजारों सैलानी झीलों, महलों और सांस्कृतिक विरासत को देखने आते हैं, वहीं चंडीगढ़ और उसके आसपास के इलाकों से भी हिमाचल, पंजाब और उत्तराखंड की यात्रा करने वाले पर्यटकों को अब एक सीधी और सुविधाजनक रेल सेवा मिलेगी। इसके अलावा दोनों शहरों के बीच व्यापारिक गतिविधियों और शैक्षणिक यात्रा में भी तेजी आने की उम्मीद है।

ये भी देखें: हरियाणा में कल से मौसम लेगा करवट, गर्मी से मिल सकती है बड़ी राहत 

Exit mobile version