Udaipur Files Controversy : उदयपुर फाइल्स फिल्म को लेकर छिड़े विवाद के बीच कांग्रेस नेता और पूर्व सांसद कुंवर दानिश अली ने केंद्र सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा और आरएसएस एक एजेंडे के तहत फिल्मों का इस्तेमाल सांप्रदायिकता फैलाने के लिए कर रहे हैं। दानिश अली ने कहा कि जब कोई मामला अदालत में हो और अदालत उस पर रोक लगा दे, तो उसका सम्मान किया जाना चाहिए। उदयपुर फाइल्स पर दिल्ली हाईकोर्ट की अस्थायी रोक पर उन्होंने कहा, ‘हम संविधान और न्यायपालिका में विश्वास रखने वाले लोग हैं। जिन्हें अदालत पर भरोसा नहीं है, वे ऐसे मुद्दे उठाते हैं। अदालत ने सही फैसला दिया।’
सरकार के इशारे पर बन रही फिल्में-
दानिश अली ने एक समाचार एजेंसी से कहा, ‘कश्मीर फाइल्स, केरल स्टोरी और अब उदयपुर फाइल्स जैसी फिल्में सरकार के इशारे पर बनाई जा रही हैं। बॉलीवुड में, जहां कभी धर्म की बात नहीं की गई, अब वहां नफरत का जहर फैलाया जा रहा है।’
कश्मीर फाइल्स का 1 हिस्सा भी पंडितों को नहीं मिला-
कश्मीर फाइल्स का उदाहरण देते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि फिल्म के जरिए कश्मीरी पंडितों का दर्द दिखाया गया, लेकिन कोई वास्तविक मदद नहीं की गई। उन्होंने कहा, ‘न तो प्रधानमंत्री, न ही मुख्यमंत्री और न ही फिल्म के निर्देशक ने उन पीड़ितों की सुध ली। कश्मीरी पंडितों को फिल्म से हुई कमाई का एक हिस्सा भी नहीं मिला।’
दिल्ली में किसकी सरकार?
दिल्ली के शाहदरा में कांवड़ मार्ग पर शीशे तोड़े जाने की घटना पर दानिश अली ने कहा, ‘इस समय केंद्र और दिल्ली में किसकी सरकार है? दिल्ली पुलिस और खुफिया विभाग किसके नियंत्रण में है? सीसीटीवी कैमरों का नियंत्रण किसके हाथ में है? भाजपा खुद मान रही है कि उसका अपना गृह मंत्रालय इस काम में विफल रहा है।’
गृह मंत्री अपने विभाग को संभालने में विफल-
दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा के आरोपों पर उन्होंने कहा, ‘अगर वे कह रहे हैं कि कांवड़ियों की सुरक्षा में कोई चूक हुई है, तो इसका सीधा सा मतलब है कि गृह मंत्री अपने विभाग को संभालने में पूरी तरह विफल रहे हैं।’
कांवड़ यात्रा अब राजनीतिक हथियार-
कांवड़ यात्रा को लेकर चल रहे विवाद पर कांग्रेस नेता ने कहा कि यह तीर्थयात्रा सदियों पुरानी धार्मिक परंपरा है, जिसे श्रद्धालु पूरी श्रद्धा से निभाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा अब इसमें भी राजनीतिक मौके तलाशने लगी है। उन्होंने कहा, “भाजपा ने अब कांवड़ यात्रा को सांप्रदायिक और वोट बैंक की राजनीति का हिस्सा बना लिया है। कांवड़ यात्रा को धार्मिक आस्था से जोड़ने के बजाय, इसे राजनीतिक हथियार बना लिया है।”
मेष: दिन शुभ रहेगा...