Site icon Dainik Savera Times

Haryana : राजकीय महाविद्यालय में यूजी प्रवेश प्रक्रिया शुरू

ug-admission-process-begins

ug-admission-process-begins

महेंद्रगढ़। महेंद्रगढ़ केे राजकीय महाविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए स्नातक कक्षाओं में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। महाविद्यालय के ऑनलाइन प्रवेश नोडल अधिकारी गगनदीप यादव ने बताया कि इस वर्ष सभी प्रवेश राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत किए जाएंगे।

ऑनलाइन पंजीकरण 07 से 31 मई तक

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन प्रवेश पोर्टल निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संचालित किया जा रहा है और अभ्यर्थियों को समय-सीमा का विशेष ध्यान रखना चाहिए। ऑनलाइन पंजीकरण 07 मई 2026 से 31 मई 2026 तक किया जाएगा, जबकि आवेदन पत्र में OTP आधारित संशोधन 01 जून 2026 तक संभव होगा। 02 जून 2026 को सभी आवेदकों की सूची में आपत्तियां/त्रुटियां प्रदर्शित की जाएंगी।

दस्तावेजों का सत्यापन 09 मई से 06 जून तक 

इसके बाद 09 मई 2026 से 06 जून 2026 तक दस्तावेजों का ऑनलाइन सत्यापन एवं आपत्तियों का निवारण किया जाएगा। 08 जून 2026 को पात्र अभ्यर्थियों की सूची जारी की जाएगी। उन्होंने आगे बताया कि प्रथम चरण (पहली काउंसलिंग) के अंतर्गत प्रथम मेरिट सूची (प्रोविजनल) 10 जून 2026 को तथा अंतिम मेरिट सूची 11 जून 2026 को जारी की जाएगी। इस सूची के आधार पर शुल्क जमा करने की तिथि 12 जून से 15 जून 2026 निर्धारित की गई है। द्वितीय चरण (दूसरी काउंसलिंग) में द्वितीय मेरिट सूची (प्रोविजनल) 16 जून 2026 को तथा अंतिम मेरिट सूची 17 जून 2026 को जारी होगी, जिसके लिए शुल्क जमा करने की तिथि 18 जून से 22 जून 2026 निर्धारित है।

बची सीटों के लिए काउंसलिंग 24 को 

तृतीय चरण में बची सीटों के लिए 24 जून 2026 को भौतिक काउंसलिंग आयोजित की जाएगी। इसके बाद 25 जून 2026 को ऑनलाइन पोर्टल पुनः खोला जाएगा। 26 जून से 02 जुलाई 2026 तक 100 रुपये विलंब शुल्क के साथ तथा 03 जुलाई से 10 जुलाई 2026 तक 100 रुपये विलंब शुल्क के अतिरिक्त 100 रुपये प्रतिदिन के साथ काउंसलिंग जारी रहेगी। उन्होंने यह भी बताया कि ये तिथियां 12वीं कक्षा के परिणाम घोषित होने के अनुसार परिवर्तित हो सकती हैं।

दाखिले नई शिक्षा नीति के तहत 

गगनदीप यादव ने बताया कि नई शिक्षा नीति के तहत चार वर्षीय बहुविषयक स्नातक कार्यक्रम लागू किया गया है, जिसमें डिसिप्लिन स्पेसिफिक कोर्स, माइनर कोर्स, मल्टीडिसिप्लिनरी कोर्स, एबिलिटी एन्हांसमेंट कोर्स, स्किल एन्हांसमेंट कोर्स, वैल्यू एडेड कोर्स, इंटर्नशिप तथा रिसर्च प्रोजेक्ट शामिल हैं। इसके साथ ही मल्टीपल एंट्री एवं एग्जिट प्रणाली लागू है, जिसके तहत 1 वर्ष पूर्ण करने पर सर्टिफिकेट, 2 वर्ष पर डिप्लोमा, 3 वर्ष पर डिग्री तथा 4 वर्ष पूर्ण करने पर ऑनर्स/ऑनर्स विद रिसर्च डिग्री प्रदान की जाएगी। उन्होंने बताया कि नई व्यवस्था के अनुसार बीएससी मेडिकल को बीएससी लाइफ साइंस तथा बीएससी नॉन-मेडिकल को बीएससी फिजिकल साइंस के रूप में जाना जाएगा।

गैर-वापसी पंजीकरण शुल्क 100 रुपये

इसके अतिरिक्त, नोडल अधिकारी गगनदीप यादव ने बताया कि सभी अभ्यर्थियों को एक बार का गैर-वापसी योग्य पंजीकरण शुल्क 100 रुपये जमा करना होगा। साथ ही, स्नातक पाठ्यक्रमों में अध्ययनरत सभी छात्राओं के लिए एक महत्वपूर्ण सुविधा के तहत सभी कॉलेजों—सरकारी, अनुदानित एवं स्व-वित्तपोषित संस्थानों में ट्यूशन फीस पूर्णतः माफ रहेगी। इसके अलावा, हरियाणा के सरकारी महाविद्यालयों में अनुसूचित जाति वर्ग के सभी विद्यार्थियों (लड़के एवं लड़कियां) के लिए भी ट्यूशन फीस पूरी तरह से माफ की गई है, जिससे अधिक से अधिक विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहन मिल सके।

दी जाएगी उच्च गुणवत्ता की शिक्षा : प्राचार्य 

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर विजय यादव ने बताया कि राजकीय महाविद्यालय, महेंद्रगढ़ उच्च गुणवत्ता की शिक्षा प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने सभी इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में महाविद्यालय में प्रवेश लेकर अपने उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करें। महाविद्यालय में इस सत्र में बीए, बीकॉम, बीसीए, बीएससी लाइफ साइंस एवं बीएससी फिजिकल साइंस जैसे स्नातक पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। महाविद्यालय प्रशासन ने सभी विद्यार्थियों से अनुरोध किया है कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन करें तथा प्रवेश से संबंधित नवीनतम जानकारी के लिए नियमित रूप से पोर्टल का अवलोकन करते रहें।

Also Read :

 

Exit mobile version