Last Updated: November 11, 2026

Dainik Savera Times Logo

UG प्रवेश पंजीकरण की अंतिम तिथि बढ़ी, अब आवेदन 12 जुलाई तक

July 5, 2026

UG प्रवेश पंजीकरण की अंतिम तिथि बढ़ी, अब आवेदन 12 जुलाई तक

UG admission registration deadline extended : महेंद्रगढ़। शैक्षणिक सत्र 2026-27 में स्नातक (यूजी) पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना जारी की गई है। उच्चतर शिक्षा विभाग की ओर से ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि, जो पूर्व में 30 जून 2026 निर्धारित थी, को बढ़ाकर 12 जुलाई कर दिया है।

पंजीकरण तिथि बढ़ाने के निर्णय का स्वागत

राजकीय महाविद्यालय, सतनाली के प्राचार्य डॉ. सुधीर लाम्बा, राजकीय महिला महाविद्यालय, महेंद्रगढ़ के प्राचार्य प्रो. महेंद्र सिंह एवं राजकीय महाविद्यालय, महेंद्रगढ़ के प्राचार्य प्रो. विजय यादव ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए संयुक्त रूप से कहा कि यह उन विद्यार्थियों के हित में लिया गया एक सराहनीय कदम है, जो विभिन्न कारणों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपना पंजीकरण नहीं करा सके थे। उन्होंने कहा कि अनेक विद्यार्थी दस्तावेजों की अनुपलब्धता, तकनीकी समस्याओं अथवा अन्य व्यक्तिगत कारणों के चलते आवेदन प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाए थे। अंतिम तिथि में वृद्धि से ऐसे विद्यार्थियों को अपनी उच्च शिक्षा की दिशा में एक और अवसर प्राप्त हुआ है।

12 जुलाई तक पंजीकरण की अंतिम तिथि घोषित

महाविद्यालय के नोडल अधिकारी प्रो. गगनदीप यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि सभी इच्छुक विद्यार्थी अब 12 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन माध्यम से अपना पंजीकरण करा सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से अपील की कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें और समय रहते आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपना पंजीकरण पूरा कर लें, ताकि किसी प्रकार की तकनीकी या अन्य परेशानी से बचा जा सके। उन्होंने आगे बताया कि जिन विद्यार्थियों ने अभी तक आवेदन नहीं किया है, उनके लिए यह एक सुनहरा अवसर है। महाविद्यालय प्रशासन विद्यार्थियों की सुविधा के लिए आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।

पंजीकरण सहायता केंद्र से संपर्क की सुविधा उपलब्ध

यदि किसी विद्यार्थी को ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया में किसी प्रकार की कठिनाई आती है तो वह महाविद्यालय के सहायता केंद्र से संपर्क कर सकता है। महाविद्यालय प्रशासन ने सभी विद्यार्थियों से अनुरोध किया है कि वे नियमित रूप से उच्च शिक्षा विभाग एवं महाविद्यालय की आधिकारिक सूचनाओं पर नजर बनाए रखें, क्योंकि संशोधित प्रवेश कार्यक्रम और आगे की प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित जानकारी शीघ्र ही जारी की जाएगी।

Also Read :

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें