Site icon Dainik Savera Times

ऋषिकेश में उज्जैन एक्सप्रेस के 3 डिब्बे पटरी से उतरे, मची अफरा-तफरी, देखें Video

Ujjain Express derail

Ujjain Express derail

Ujjain Express derail: उत्तराखंड के ऋषिकेश स्थित रेलवे स्टेशन के पास सोमवार देर रात एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। खांड गांव के समीप शंटिंग के दौरान उज्जैन एक्सप्रेस का इंजन और कई डिब्बे अचानक पटरी से उतर गए। घटना उस समय हुई जब ट्रेन को मेंटेनेंस यार्ड की ओर ले जाया जा रहा था। घटना बीती रात 9:30 बजे के करीब हुई। ट्रेन खाली होने के कारण किसी तरह की जनहानि नहीं हुई, लेकिन हादसे ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी सामने आई है की ट्रेन की एक बोगी अनियंत्रित होकर पास के पिलर से जा टकराई, जिससे डिब्बा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर इतनी तेज थी कि आसपास के इलाके में जोरदार आवाज सुनाई दी और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए।

मौके पर पहुंचे वरिष्ठ अधिकारी

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं। सुरक्षाबलों ने पूरे क्षेत्र को खाली कराया और राहत कार्य शुरू किया। रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी और तकनीकी विशेषज्ञ भी हालात का जायजा लेने पहुंचे। प्रारंभिक जांच में ब्रेक सिस्टम में तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। हालांकि कुछ सूत्रों ने लोको पायलट की संभावित लापरवाही की ओर भी इशारा किया है। रेलवे प्रशासन ने हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच समिति गठित कर दी है।

बीते दिनों 2 ट्रेनों में लगी थी आग

इधर, देश के अन्य हिस्सों में भी रेल सुरक्षा को लेकर चिंताजनक घटनाएं सामने आई हैं। बिहार के सासाराम रेलवे स्टेशन पर सोमवार सुबह एक पैसेंजर ट्रेन में अचानक आग लग गई, जिससे यात्रियों में भगदड़ मच गई। हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और कोई हताहत नहीं हुआ। वहीं, रविवार को रतलाम जिले के आलोट स्टेशन के पास तिरुवनंतपुरम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस के एक कोच में आग लगने की घटना सामने आई थी। उस कोच में 68 यात्री सवार थे, लेकिन राहत की बात रही कि सभी यात्री सुरक्षित बचा लिए गए।

Exit mobile version