Site icon Dainik Savera Times

बाल विवाह के खिलाफ भारत की लड़ाई को यूएन का समर्थन; 27 नवंबर को ‘अंतर्राष्ट्रीय दिवस’ घोषित

नई दिल्ली: बाल विवाह के खिलाफ भारत की लड़ाई को वैश्विक स्तर पर बड़ी मान्यता मिली है। संयुक्त राष्ट्र ने 27 नवंबर को ‘बाल, कम उम्र और जबरन विवाह को समाप्त करने के लिए अंतर्राष्ट्रीय दिवस’ घोषित किया है। भारत के लिए यह तारीख खास तौर पर महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसी दिन 2024 में भारत सरकार ने ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ अभियान की शुरुआत की थी। ‘जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन’ (जेआरसी) के संस्थापक भुवन ऋभु ने बाल विवाह को खत्म करने के लिए एक खास ग्लोबल डे मनाने की अंतर्राष्ट्रीय मांग शुरू की थी।

मार्च 2026 में संयुक्त राष्ट्र में अपने भाषण के दौरान भुवन ने अंतर्राष्ट्रीय नेताओं की मौजूदगी में यूएन प्रस्ताव की मांग को फिर से दोहराया। इस दौरान अफ्रीकी देश सिएरा लियोन की फर्स्ट लेडी डॉ. फातिमा माडा बायो भी मौजूद थीं और उन्होंने इस पहल का समर्थन किया। इसके बाद, सिएरा लियोन ने भारत समेत लगभग 50 देशों के समर्थन से संयुक्त राष्ट्र महासभा में एक प्रस्ताव पेश करके इस कोशिश का नेतृत्व किया।

इस प्रस्ताव में 27 नवंबर को बाल विवाह खत्म करने के लिए समर्पित एक अंतर्राष्ट्रीय दिवस के तौर पर घोषित करने की मांग की गई थी। 4 सितंबर को संयुक्त राष्ट्र ने यह प्रस्ताव पारित कर दिया। संयुक्त राष्ट्र के प्रस्ताव का स्वागत करते हुए ‘जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन’ के संस्थापक भुवन ने कहा, आज भारत बाल संरक्षण के मामले में विश्वगुरु है। भारत ने ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ अभियान सबसे पहले बच्चों और समुदायों ने शुरू किया था और जिसे बाद में सरकार का समर्थन और विस्तार मिला।

अभियान के तहत 25 करोड़ से अधिक लोग एक साथ आए और 27 नवंबर 2024 को संकल्प लिया, वह आज दुनिया द्वारा स्वीकार किया गया एक अंतर्राष्ट्रीय दिवस बन गया है। यह सभी भारतीयों के लिए बहुत गर्व का क्षण है और मैं उन बच्चों, समुदाय के नेताओं, धर्मगुरुओं और विशेष रूप से अपने एनजीओ सहयोगियों को बधाई और धन्यवाद देना चाहता हूं जिनकी कड़ी मेहनत और समर्पण ने आज के दिन को संभव बनाया।

Exit mobile version