Site icon Dainik Savera Times

वर्दी वाला ‘चोर’ गिरफ्तार : फतेहाबाद में खुली सिरसा पुलिसवाले की ‘करतूत’

uniformed-thief-arrested

uniformed-thief-arrested

Uniformed ‘Thief’ Arrested : सिरसा। यहां पुलिस ने एक वर्दी वाले ‘चोर’ को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि ये वर्दी वाला ‘चोर’ सीनियर के पकड़े सामान पर नजर रखता था और मौका मिलते ही उसे साफ कर देता था। विभाग ने इसे तुरंत प्रभाव से मुअत्तल कर दिया है।

आरोपी पकड़ने के बाद ऐसे हुआ खुलासा

जी हां, ये कहानी कोई फिल्मी स्टोरी नहीं, बल्कि सच्चाई है। सिविल पुलिस लाइन में पिछले दिनों तकरीबन 90 किलो अफीम बरामद की थी। असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर रणबीर सिंह ने इस बरामद अफीम से कुछ अफीम खुर्द-बुर्द कर किसी को दे दी। मामले का खुलासा तब हुआ, जब पुलिसकर्मी रणबीर सिंह से अफीम लेने वाले व्यक्ति शमशेर सिंह को फतेहाबाद की पुलिस ने दबोच लिया। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने पूरा सच उगल दिया। मामले की जानकारी सिरसा पुलिस को दी जिसके बाद एएसआई रणबीर सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया।

बरामद की थी 90 किलो अफीम

मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित एएसआई को हरियाणा पुलिस की सेवा से बर्खास्त भी कर दिया है और अब उसे कोर्ट में पेश कर रिमांड हासिल किया जाएगा। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। एएसपी आदर्श दीप सिंह ने मीडिया को बताया कि सिरसा पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान कुछ दिन पहले करीब 90 किलो अफीम की बड़ी खेप बरामद की थी। इस कार्रवाई को जिले की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा था, लेकिन जांच के दौरान चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। पुलिस को संदेह हुआ कि बरामद की गई अफीम की खेप में से कुछ मात्रा गायब की है।

दो मामलों को जोड़कर हो रही जांच

मामले की गहन जांच शुरू की गई तो जांच की सुई पुलिस विभाग के ही एक एएसआई रणबीर सिंह की ओर घूम गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि एएसआई रणबीर सिंह ने कथित तौर पर बरामद अफीम में से कुछ हिस्सा अवैध तरीके से बाहर निकाला और उसे दूसरे व्यक्ति तक पहुंचाया। मामले के उजागर होते ही सिरसा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी एएसआई को गिरफ्तार कर लिया। एएसआई रणबीर सिंह से अफीम लेने वाले व्यक्ति को फतेहाबाद पुलिस ने गिरफ्तार किया है। अब दोनों मामलों को जोड़कर जांच की जा रही है ताकि ये पता लगाया जा सके कि आखिर ये नशीला पदार्थ किस नेटवर्क के माध्यम से आगे सप्लाई किया जाना था और इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। रिमांड के दौरान आरोपी से विस्तार से पूछताछ की जाएगी।

Also Read :

Exit mobile version