नेशनल डेस्क: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज एक दिन के दौरे पर असम जाएंगे। इस दौरान वे राज्य में कई अहम विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। इससे पहले उनका यह दौरा रविवार रात को प्रस्तावित था, लेकिन अहमदाबाद में घने कोहरे के कारण उनकी उड़ान रद्द हो गई थी, जिसके चलते कार्यक्रम को एक दिन के लिए टाल दिया गया।
शहीदों को श्रद्धांजलि से होगी दौरे की शुरुआत
असम पहुंचने के बाद अमित शाह सबसे पहले गुवाहाटी के शहीद स्मारक क्षेत्र जाएंगे। यहां वे अवैध घुसपैठ के खिलाफ हुए असम आंदोलन में शहीद हुए लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद वे नागांव जिले के बोरदुवा के लिए रवाना होंगे।
ये भी पढ़ें: Silver Price Hike: एक दिन में 10 हजार से अधिक बढ़े चांदी के रेट, जानें क्यों हुई इतनी महंगी?
नागांव जिले के बोरदुवा में गृह मंत्री वैष्णव संत श्रीमंत शंकरदेव के जन्मस्थान बटाद्रवा थान पहुंचेंगे। यहां वे करीब 227 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किए गए पुनर्विकास प्रोजेक्ट का उद्घाटन करेंगे। इस परियोजना का उद्देश्य धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित करना और श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उद्घाटन के बाद अमित शाह बोरदुवा में आयोजित जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
गुवाहाटी में सुरक्षा और सांस्कृतिक परियोजनाओं की सौगात
इसके बाद अमित शाह वापस गुवाहाटी लौटेंगे। यहां वे शहर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए गुवाहाटी पुलिस कमिश्नरेट की 111 करोड़ रुपये की नई इमारत का उद्घाटन करेंगे। साथ ही 189 करोड़ रुपये की लागत से बने इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सिस्टम (ICCS) को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे। यह सिस्टम गुवाहाटी शहर में लगाए गए 2,000 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी करेगा, जिससे कानून व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं को और अधिक मजबूत किया जा सकेगा।
ज्योति बिष्णु सांस्कृतिक परिसर का भी करेंगे उद्घाटन
अपने दौरे के अंतिम चरण में गृह मंत्री 291 करोड़ रुपये की लागत से बने ज्योति बिष्णु सांस्कृतिक परिसर का उद्घाटन करेंगे। यह एक आधुनिक ऑडिटोरियम है, जिसमें लगभग 5,000 लोगों के बैठने की क्षमता होगी। इस परिसर को राज्य की कला, संस्कृति और बड़े आयोजनों के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित किया गया है। इन सभी कार्यक्रमों के बाद अमित शाह शाम को नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
Video: हिमाचल में New Year पर बर्फबारी का मिलेगा गिफ्ट,अब होगा Snowfall शुरू

