Site icon Dainik Savera Times

गांधी जयंती कार्यक्रम में शामिल हुए केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी, सड़क पर झाड़ू चलाकर दिया स्वच्छता का संदेश

अजमेर: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के उपलक्ष में बुधवार को अजमेर शहर मुख्यालय पर गांधी भवन और जवाहर रंगमंच सहित अन्य स्थानों पर आयोजित स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। बतौर मुख्य अतिथि इन कार्यक्रमों में सम्मिलित हुए केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी सहित अन्य गणमान्य लोगों ने इस अवसर पर महात्मा गांधी को नमन कर स्वच्छता अभियान में भाग लेकर अपने शहर को साफ रखने का संकल्प लिया। इस दौरान कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने कार्यक्रम में स्वच्छता कार्मिकों का सम्मान करके उनका उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधि भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ताओं सहित अधिकारीगण और आमजन उपस्थित रहे। गांधीजी की सबसे प्रिय योजना और सपना स्वच्छ भारत : कार्यक्रमों को संबोधित करते हुए केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने कहा कि आप सभी से मेरी अपील है कि इस पावन अवसर पर अपने आस-पास स्वच्छता से जुड़ी मुहिम का हिस्सा बनकर ‘स्वच्छ भारत-स्वस्थ भारत’ के निर्माण में सहभागी बनें।

केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी ने कहा कि आज हम न केवल महात्मा गांधी की शिक्षाओं और आदर्शों को याद कर रहे हैं, बल्कि उनकी सबसे प्रिय योजना ‘स्वच्छ भारत’ की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम उठा रहे हैं। गांधीजी ने जिस भारत का सपना देखा था, वह सिर्फ राजनीतिक स्वतंत्रता तक सीमित नहीं था, बल्कि उसमें स्वच्छता, समानता और गरिमा की भी प्रमुख भूमिका थी।

स्वच्छ भारत की दिशा में मोदी सरकार ने किया बेहतरीन काम : केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘स्वच्छ भारत मिशन’ ने पिछले एक दशक के समय में असाधारण प्रगति की है। करोडों शौचालयों का निर्माण, कचरा प्रबंधन की नई योजनाएँ, और स्वच्छता के प्रति बढ़ती जन-जागरूकता इस दिशा में महत्त्वपूर्ण कदम रहे हैं।

परंतु यह यात्रा अभी समाप्त नहीं हुई है। हमें इस मुहिम को और आगे ले जाना है और यह तभी संभव है जब हर नागरिक इस प्रयास में अपने हिस्से का योगदान देगा। भागीरथ चौधरी ने कहा कि मैं आप सभी से आग्रह करता हूं कि आप इस अभियान में भाग लें और अपने आसपास की स्वच्छता सुनिश्चित करें। स्वच्छता सिर्फ सफाईकर्मियों या नगर निगम का काम नहीं है, बल्कि हम सभी का कर्तव्य है। आइए, हम सब मिलकर यह प्रण लें कि हम अपने देश को महात्मा गांधी के स्वच्छ और स्वस्थ भारत के सपने को साकार करेंगे।

Exit mobile version