Last Updated: November 9, 2026

Dainik Savera Times Logo

केंद्रीय राज्यमंत्री ने कांग्रेस पर कसा तंज बोले – जहां कांग्रेस की सरकार है, वहां युवकों को नौकरी क्यों नहीं देते

April 9, 2025

केंद्रीय राज्यमंत्री ने कांग्रेस पर कसा तंज बोले – जहां कांग्रेस की सरकार है, वहां युवकों को नौकरी क्यों नहीं देते

पटना : केंद्रीय राज्यमंत्री शांतनु ठाकुर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बिहार दौरे के क्रम में नौकरी और रोजगार को लेकर सवाल उठाए जाने पर पलटवार करते हुए बुधवार को कहा कि जहां उनकी सरकार है, वहां युवकों को नौकरी क्यों नहीं देते? उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में तो वे हार गए। छत्तीसगढ़ के लोगों ने कांग्रेस को नहीं चुना, भाजपा की सरकार लेकर आई।

उन्होंने पटना में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि अभी यहां चुनाव है, अभी बहुत से नेता यहां आएंगे और बहुत कुछ कहेंगे। पश्चिम बंगाल में वक्फ कानून के विरोध में हुई हिंसा पर उन्होंने कहा, ‘वहां जो हुआ है, उसका कोई मतलब ही नहीं समझ आता है। एक ही मतलब समझ में आता है कि वहां जो अल्पसंख्यक हैं और उन्हें जो नेतृत्व दिया गया है और प्रधानी कर रहे हैं, वक्फ कानून के बाद उनके पैरों के नीचे से जमीन चली गई है। जब जमीन चली जाएगी तो वे तो ऐसा ही करेंगे।’

पेट्रोलियम पदार्थों की कीमत बढ़ोतरी

26/11 मुंबई आतंकी हमले के आरोपी तहव्वुर राणा को अमेरिका से प्रत्यर्पित कर भारत लाने को बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि यह बड़ी उपलब्धि है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत का जो सपना देखा गया है, तो हर चीज विकसित होना है। यह भी उसमें एक हिस्सा है। उन्होंने पेट्रोलियम पदार्थों की कीमत बढ़ोतरी पर कहा कि पेट्रोलियम पदार्थों की कीमत कभी कम भी होती है और कभी बढ़ती भी है।

एक सरकार उसे कैसे संभालती है, यह तो सरकार के ऊपर है। कोविड के समय फ्री वैक्सीन दिया गया, फ्री राशन दिया गया, उसकी बात तो विपक्ष नहीं करता। अभी पेट्रोलियम पदार्थ के दाम बढ़े हैं, फिर कम भी होंगे, ऐसा तो चलता ही है। यह एक ही तरीके से नहीं चल सकता है। केंद्रीय राज्यमंत्री बक्सर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में शामिल होने के लिए पहुंचे हैं। श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन 9 अप्रैल से 15 अप्रैल तक बक्सर के आईटीआई मैदान में किया गया है। अंतरराष्ट्रीय संत देवकीनंदन ठाकुर जी महाराज की श्रीमद्भागवत कथा में अपना प्रवचन करेंगे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें