Last Updated: October 14, 2026

Dainik Savera Times Logo

केन्द्रीय मंत्री Shivraj Singh Chouhan ने झारखंड में पलामू जिला स्थित डालटनगंज में परिवर्तन महासभा को किया संबोधित

September 28, 2024

केन्द्रीय मंत्री Shivraj Singh Chouhan ने झारखंड में पलामू जिला स्थित डालटनगंज में परिवर्तन महासभा को किया संबोधित

पलामू (झारखंड): केन्द्रीय कृषि व किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री तथा झारखंड विधानसभा चुनाव प्रभारी श्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को झारखंड के पलामू जिला स्थित डालटनगंज में परिवर्तन महासभा को संबोधित किया। इस दौरान शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पलामू प्रमंडल में 1 हजार किलोमीटर की परिवर्तन यात्रा हुई है और इस यात्रा में लोगों का उत्साह देखते हुए मैं कह सकता हूं कि झारखंड में परिवर्तन सुनिश्चित है, हेमंत सोरेन की सरकार जाना तय है और भारतीय जनता पार्टी की सरकार आना भी तय है। वहीं, श्री चौहान ने झारखंड की जेएमएम और कांग्रेस गठबंधन सरकार पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि ये गठबंधन नहीं ठगबंधन है, इन्होंने मिलकर जल संपदा, वन संपदा और खनिज संपदा से भरपूर, सुंदर प्रदेश को खोखला कर दिया है। जब झारखंड में भाजपा की सरकार थी, तो यहां विकास के ऐसे काम हुए थे कि जनता आज भी याद करती है, इसलिए अब भारतीय जनता पार्टी की सरकार ही झारखंड को विकास के पथ पर ले जाएगी।

ये कैसा, मइयां सम्मान
केन्द्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने हेमंत सोरेन सरकार की मइयां सम्मान योजना को लेकर कहा कि, पांच साल पहले विधानसभा चुनाव के दौरान जेएमएम ने महिलाओं से वादा किया था कि, उन्हें हर महीने चूल्हा खर्च के लिए 2 हजार रूपए दिए जाएंगे, लेकिन 4 साल 10 महीने हेमंत सोरेन को माताओ-बहनों की याद नहीं आई और अब चुनाव के नजदीक आते ही उनके खाते में महज़ 1 हजार रूपए डाले जा रहे हैं। श्री चौहान ने कहा कि, अगर एक महिला हितग्राही को 2 हजार रूपए प्रति माह के हिसाब से 1 साल राशि मिलती तो सालाना 24 हजार रूपए होते हैं, और पांच साल के हिसाब से हर महिला हितग्राही के खाते में अब तक 1 लाख 20 हजार रूपए मिलने चाहिए थे, लेकिन मिले कितने, केवल 2 हजार रूपए। यानी कि, धोखेबाज सोरेन सरकार महिलाओं के हक के 1 लाख 18 हजार रूपए भी डकार गई। अगर हेमंत सोरेन मइयां सम्मान की बात करते हैं तो चुनाव से पहले महिला हितग्राहियों के खाते में 1 लाख 18 हजार रूपए दें। वहीं शिवराज ने बताया कि, हमारी सरकार मध्यप्रदेश में है, लाड़ली बहना योजना चल रही है, हमारी सरकार महाराष्ट्र में है तो वहां भी लाड़की बहीण योजना चल रही है, हमारी सरकार छत्तीसगढ़ में है तो वहां भी महतारी वंदन योजना के तहत बहनों को राशि दी जा रही है। ओडिशा में अभी-अभी सरकार बनी है और वहां भी बहनों के खातों में पैसा डालना शुरू कर दिया गया है। श्री चौहान ने कहा कि, भाजपा की सरकार बनते ही झारखंड की बहनों के खातों में भी 2100 रूपए की राशि हर महीने डाली जाएगी।

फिजिकल टेस्ट हादसा नहीं हत्या है
केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, सोरेन सरकार ने युवाओं को 5 लाख नौकरियां देने का वादा किया था, लेकिन किसी को भी नौकरी नहीं मिली। अब चुनाव नजदीक आ गए हैं तो सिपाही भर्ती के नाम पर युवाओं को कड़ी धूप में 10-10 किलोमीटर तक दौड़ा दिया। जिससे कई बच्चों को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा। हेमंत सोरेन जवाब दो आज तक देश में किस फिजिकल परीक्षा में युवाओं की मौत हुई है, ये हादसा नहीं हत्या है। उन्होंने कहा कि, भाजपा की सरकार बनते ही हम इस पूरे मामले की जांच कराएंगे, दोषियों को छोड़ा नहीं जाएगा। वहीं शिवराज सिंह ने कहा कि, झारखंड में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनते ही पहली कैबिनेट में 2 लाख 87 हजार से ज्यादा खाली पड़े सरकारी पदों को भरा जाएगा। कैलेंडर बना कर तय करेंगे कि, किस तारीख को परीक्षा होगी, कब रिजल्ट आएगा और किस दिन जॉइनिंग होगी। उन्होंने कहा कि, जेएमएम सरकार युवाओं के साथ छल कर रही है, यहां 17 बार पेपर लीक हुए हैं, और परीक्षाएं रद्द हुई है। ये झारखंड मुक्ति मोर्चा नहीं, पेपर लीक मोर्चा बन गया है। पेपर लीक की भी जांच की जाएगी। पेपर लीक करने वालो को किसी भी कीमत पर छोड़ा नहीं जाएगा। साथ ही शिवराज सिंह ने कहा कि, ग्रेजुएट और पोस्ट ग्रेजुएट युवाओं को 2 साल तक 2 हजार रूपए की राशि दी जाएगी, ताकि वह अच्छी नौकरी के लिए तैयारी कर सकें।

झारखंड में माटी, बेटी, रोटी संकट में है
केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, झारखंड की बहनें मेरे पास पोटली में माटी और अक्षत लेकर आ रही हैं और कह रही है कि, झारखंड में माटी संकट में है, बेटी संकट में है और रोटी भी संकट में है। माटी, बेटी और रोटी को केवल भारतीय जनता पार्टी की सरकार ही बचा सकती है। श्री चौहान ने कहा कि, माटी इसलिए खतरे में हैं क्योंकि, झारखंड से कोयला बंगाल के रास्ते बांग्लादेश जा रहा है। बेटी इसलिए सुरक्षित नहीं है क्योंकि, झारखंड में बांग्लादेशी घुसपैठिए आ रहे हैं और हमारी बेटियों से शादी कर जमीनों पर कब्जा कर रहे हैं और सोरेन सरकार विदेशी घुसपैठियों को संरक्षण दे रही है उनके आधार कार्ड बनवा रही है और रोटी इसलिए खतरे में हैं क्योंकि जेएमएम सरकार, नौकरी और बेरोजगारी भत्ते का वादा करने के बाद भी पिछले पांच सालों में एक भी नौकरी और भत्ता नहीं दे सकी है। युवाओं का भविष्य बर्बाद करने की कोशिश की जा रही है। श्री चौहान ने कहा कि, भाजपा की सरकार बनते ही विदेशी घुसपैठियों को चुन-चुनकर बाहर निकालेंगे और झारखंड में माटी, बेटी और रोटी को सुरक्षित करेंगे।

भाजपा और प्रधानमंत्री जी किसान हितैषी हैं
केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी किसान हितैषी हैं। झारखंड में हेमंत सोरेन सरकार ने कभी भी किसानों के विकास और कल्याण के लिए कुछ नहीं किया है। जबकि तीसरी बार प्रधानमंत्री बनते ही मोदी जी ने सबसे पहले किसान सम्मान निधि की राशि जारी की। श्री चौहान ने कहा कि, झारखंड के पलामू इलाके में भरपूर अरहर पैदा होती है, भारतीय जनता पार्टी की सरकार अरहर का एक-एक दाना समर्थन मूल्य पर खरीदेगी। वहीं शिवराज सिंह ने कहा कि, पहले जब झारखंड में भाजपा की सरकार थी तो विकास के ऐसे काम हुए थे कि, आज भी जनता याद करती है। उस समय भाजपा की सरकार, किसानों को प्रति एकड़ पर 5 हजार रूपए की राशि देती थी, लेकिन सोरेन सरकार ने किसानों को मिलने वाली राशि भी बंद कर दी। शिवराज सिंह ने कहा कि, झारखंड में कमल खिलने के बाद फिर से किसानों के हित की ये योजना प्रारंभ की जाएगी। किसानों की जिंदगी बदलना भाजपा और प्रधानमंत्री मोदी जी का संकल्प है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें