Last Updated: October 30, 2026

Dainik Savera Times Logo

तमिलनाडु में ग्रामीण विकास के कार्यों की केंद्रीय मंत्री Shri Shivraj Singh ने की समीक्षा

December 31, 2024

तमिलनाडु में ग्रामीण विकास के कार्यों की केंद्रीय मंत्री Shri Shivraj Singh ने की समीक्षा

नई दिल्ली: केंद्रीय ग्रामीण विकास और कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने केंद्र सरकार द्वारा तमिलनाडु में चलाए जा रहे ग्रामीण विकास संबंधी कार्यों की चैन्नई में समीक्षा की। इस दौरान शिवराज सिंह ने कहा कि तमिलनाडु, देश का अत्यंत प्राचीन एवं महान राज्य है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प है तमिलनाडु का समग्र विकास, इसलिए रूरल डेवलपमेंट की दृष्टि से भी तमिलनाडु को केंद्र सरकार ने हरेक योजना में सहायता दी है।

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने समीक्षा बैठक के दौरान बताया कि तमिलनाडु में महात्मा गांधी नरेगा योजना के अंतर्गत गत वर्ष 2023-24 में 12 हजार 603 करोड़ रुपए की मजदूरी यहां मजदूरों को देने का काम केंद्र सरकार ने किया है। इस साल भी अब तक 7 हजार 220 करोड़ रुपए जारी किए जा चुके हैं, ताकि कोई भी मजदूर यहां बेरोजगार न रहे, सबके हाथ में काम हो। उन्होंने बताया कि हमने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत तमिलनाडु को 10,352 सड़कें तथा 26,578 किलोमीटर के 214 ब्रिज दिए हैं। इनमें से 9,681 सड़कें बन चुकी हैं, साथ ही 150 ब्रिज भी बन गए हैं। 671 सड़कों का काम चल रहा है, उम्मीद है कि समय पर ये काम भी पूरा हो जाएगा।

शिवराज सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत जो हमारा यहां लक्ष्य हैं, उसमें तमिलनाडु में 8 लाख 15 हजार 771 मकान बनाए जाएंगे। प्रधानमंत्री मोदी का लक्ष्य है कि हर गरीब को पक्का मकान मिले, इसलिए प्रधानमंत्री आवास योजना चलाई जा रही है। तमिलनाडु के 8 लाख 15 हजार 771 में से अब तक 7 लाख 47 हजार 542 मकान स्वीकृत कर दिए गए हैं और 7 लाख 33 हजार 359 की पहली किश्त भी जारी कर दी गई है, उनमें से 6 लाख 31 हजार 512 मकान पूर्ण हुए हैं। हमने तमिलनाडु की सरकार से कहा है कि शेष मकानों का काम भी जल्द ही पूर्ण करें।

केंद्रीय मंत्री चौहान ने बताया कि इस साल भी गरीबों के लिए 1 लाख 42 हजार 59 मकान हमने तमिलनाडु को देने का प्रस्ताव किया है, ताकि इसी वित्तीय वर्ष में मार्च तक तमिलनाडु सरकार अगर चाहेगी तो हम यहां के मकान गरीबों के लिए देंगे, जिसकी पहली किश्त जारी कर दी जाएगी। मकानों के निर्माण का काम चल रहा है, शेष मकान जल्द पूरे किए जाएंगे।

शिवराज सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अतिरिक्त एक और महत्वाकांक्षी योजना है, महिला सशक्तिकरण की योजना, जो आजीविका मिशन के माध्यम से हम गरीब बहनों को सेल्प हेल्प ग्रुप बनाकर उनको आजीविका देने का काम कर रहे हैं। प्रधानमंत्री जी ने दो लक्ष्य दिए हैं देश को, एक ग्रामीण क्षेत्र में गरीबों के लिए दो करोड़ मकान बनाए जाना हैं और दूसरा, 3 करोड़ लखपति दीदी बनानी है। चौहान ने खुशी व्यक्त की कि तमिलनाडु में भी लखपति दीदी कार्यक्रम चल रहा है और लगभग 10 लाख दीदियां लखपति बन चुकी हैं, लखपति दीदी का मतलब है साल में एक लाख रु. से ज्यादा एक बहन कमाएं, इस अभियान में हम लगे हैं।

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने आज सभी योजनाओं की समीक्षा करके तमिलनाडु सरकार के सभी साथियों से कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में हम तमिलनाडु को हरसंभव सहयोग योजनाओं के अंतर्गत करेंगे और अपेक्षा यह है कि तमिलनाडु की सरकार भी इन सारी योजनाओं को तेज गति से पूरा करके अपनी जनता की बेहतर सेवा करें।

ये भी देखें : एआई के बढ़ते प्रभाव के बीच आईटी नौकरियों पर संकट, मेटा-माइक्रोसॉफ्ट की नई छंटनी तैयारी

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें