Site icon Dainik Savera Times

Unnao rape case: कुलदीप सेंगर की जमानत के खिलाफ CBI की याचिका पर सुनवाई टली

Unnao rape case

Unnao rape case

Unnao rape case: उत्तर प्रदेश के उन्नाव रेप केस में पूर्व विधायक कुलदीप सेंगर को मिली जमानत के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में दाखिल सीबीआई की याचिका पर सोमवार को सुनवाई थी। सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता के मौजूद न होने के चलते सुनवाई नहीं हो पाई। अब अगली सुनवाई दो हफ्ते बाद होगी।

पिछले आदेश में सुप्रीम कोर्ट ने कुलदीप सेंगर की जमानत पर रोक लगा दी थी और सीबीआई की याचिका पर सेंगर व यूपी सरकार को नोटिस भी जारी किया गया था। इसके बाद सोमवार को होने वाली सुनवाई में सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता उपस्थित नहीं हो पाए, जिससे सुनवाई टल गई। अब कोर्ट दो हफ्ते बाद मामले की सुनवाई करेगा। इसके बाद ही कुलदीप सेंगर की जमानत पर फैसला होगा।

सीधी सुनवाई से इनकार
वहीं, पीड़िता के चचेरे भाई की सुरक्षा के लिए सुप्रीम कोर्ट में अर्जी दी गई थी लेकिन कोर्ट ने इसे सीधे सुनने से इनकार कर दिया और कहा कि ये मांग इलाहाबाद हाईकोर्ट में रखी जाए।

सेंगर के समर्थकों ने निकाली न्याय पदयात्रा
वहीं, इससे पहले रविवार को उन्नाव में कुलदीप सेंगर के समर्थकों ने न्याय पदयात्रा निकाली थी। यह पदयात्रा सफीपुर में हुई और इसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। समर्थकों का कहना था कि कुलदीप सेंगर से जुड़े न्यायिक मामले में मीडिया ट्रायल हो रहा है और इससे न्याय प्रभावित हो रहा है। उन्होंने मीडिया पर नाराजगी जताई और कहा कि बिना जांच पूरी किए और अदालत के आदेश के बाहर खबरें फैलाने से मामले की निष्पक्षता प्रभावित होती है।

न्यायिक प्रक्रिया में हस्तक्षेप रोकने की मांग
पदयात्रा के दौरान मौके पर पुलिस भी पहुंची और धारा 144 के तहत बिना अनुमति के किसी प्रदर्शन या मार्च पर रोक लगाने की जानकारी दी। इसके बाद समर्थकों ने राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और अन्य अधिकारियों को संबोधित छह सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन में उन्होंने मीडिया ट्रायल के खिलाफ अपनी बात रखी और न्यायिक प्रक्रिया में हस्तक्षेप रोकने की मांग की।

Exit mobile version