नई दिल्ली: दिल्ली विधानसभा में आज भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और भारत रत्न महामना पंडित मदन मोहन मालवीय के चित्रों का भव्य अनावरण किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि सच्चा नेतृत्व वही होता है जो सत्ता से ऊपर राष्ट्र और राजनीति से ऊपर सिद्धांतों को रखे। उन्होंने कहा कि दोनों महान विभूतियों का जीवन नैतिक राजनीति, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम में दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा, उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट, पद्म भूषण से सम्मानित वरिष्ठ पत्रकार राम बहादुर राय सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे। सभी ने दोनों नेताओं को पुष्पांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर रक्षा मंत्री द्वारा पत्रकार व इतिहासकार गुंजन अग्रवाल द्वारा लिखित कॉफी टेबल बुक ‘भारत माता’ का विमोचन किया गया तथा ‘संसदीय पथ के आलोक स्तंभ’ नामक डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन भी हुआ। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि ये चित्र विधानसभा की नैतिक शक्ति को मजबूत करेंगे और ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना को आगे बढ़ाएंगे। वहीं अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने इसे लोकतांत्रिक परंपराओं के लिए ऐतिहासिक क्षण बताया।

