लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी बीच यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने साफ कहा कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) किसी एक चेहरे के नाम पर नहीं, बल्कि कमल के फूल के नाम पर चुनाव लड़ती है। चुनाव के बाद पार्टी के नवनिर्वाचित विधायक बैठक करके तय करेंगे कि प्रदेश का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा।
केशव मौर्य ने यह भी स्पष्ट किया कि फिलहाल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हैं और वह उनका समर्थन करते हैं। हालांकि, 2027 के चुनाव के बाद मुख्यमंत्री कौन बनेगा, इसका फैसला वह खुद नहीं कर सकते।
2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर पूछे गए सवाल पर केशव मौर्य ने कहा कि भाजपा की पहचान कमल का फूल है और पार्टी इसी चुनाव चिह्न के आधार पर चुनाव लड़ती है। उन्होंने बताया कि चुनाव के बाद जब विधायक चुनकर आएंगे तो विधायक दल की बैठक होगी। इस बैठक में केंद्रीय पर्यवेक्षक भी मौजूद रहेंगे। सभी विधायकों की सहमति से विधायक दल का नेता चुना जाएगा और वही मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालेगा।
जब उनसे पूछा गया कि क्या वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का समर्थन करते हैं, तो उन्होंने साफ कहा कि हां, वह योगी आदित्यनाथ का समर्थन करते हैं। खुद मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार होने के सवाल पर मौर्य ने कहा कि यह फैसला कोई एक व्यक्ति नहीं करता। भाजपा में मुख्यमंत्री चुनने की एक तय प्रक्रिया है। 2027 के चुनाव के बाद ही इस बारे में स्थिति साफ होगी।
केशव मौर्य ने विपक्षी दलों पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा में फैसले लेने की एक व्यवस्था है, जबकि सपा, बसपा और कांग्रेस को उन्होंने निजी कंपनियों जैसा बताया। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के उस बयान पर भी मौर्य ने प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने कहा था कि कांग्रेस सीटों के लिए किसी से भीख नहीं मांग रही है।
मौर्य ने कहा कि इमरान मसूद, राहुल गांधी या कांग्रेस के अन्य नेताओं के बयानों से भाजपा को कोई फर्क नहीं पड़ता। विपक्षी दल आपस में लड़ें या एकजुट होकर चुनाव लड़ें, इससे भाजपा की राजनीति पर कोई असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने दावा किया कि भाजपा को 60 प्रतिशत वोट मिलते हैं, जबकि बाकी 40 प्रतिशत वोट अलग-अलग दलों में बंटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास’ के सिद्धांत पर काम कर रही है।
उत्तर प्रदेश में सपा और कांग्रेस के बीच 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए सीटों के बंटवारे को लेकर चल रही बातचीत पर भी केशव मौर्य ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि सपा ने कांग्रेस को उसकी राजनीतिक हैसियत दिखा दी है और अब कांग्रेस को भी सपा को उसकी हैसियत दिखाने दीजिए। दोनों दलों के बीच सीटों को लेकर समझौता होता है या नहीं, इससे भाजपा को कोई फर्क नहीं पड़ता। मौर्य ने दावा किया कि विपक्षी गठबंधन चुनाव में हार जाएगा और उत्तर प्रदेश में भाजपा लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी। उन्होंने जौनपुर का जिक्र करते हुए कहा कि इस बार भाजपा वहां पिछली बार के मुकाबले दोगुनी सीटें जीतेगी।
2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने अलग-अलग चुनाव लड़ा था। सपा ने 347 सीटों पर चुनाव लड़कर 111 सीटें जीती थीं, जबकि कांग्रेस ने 399 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे और उसे केवल दो सीटों पर जीत मिली थी। इसके बाद 2024 के लोकसभा चुनाव में दोनों दल INDIA गठबंधन के तहत साथ आए। इस चुनाव में सपा ने उत्तर प्रदेश की 62 सीटों पर चुनाव लड़कर 37 सीटें जीतीं, जबकि कांग्रेस ने 17 सीटों पर चुनाव लड़कर छह सीटों पर जीत दर्ज की।
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव अभी दूर हैं, लेकिन मुख्यमंत्री पद के चेहरे और सीटों के बंटवारे को लेकर राजनीतिक बयानबाजी शुरू हो चुकी है। एक तरफ भाजपा केशव प्रसाद मौर्य के बयान के जरिए मुख्यमंत्री चयन की अपनी प्रक्रिया स्पष्ट कर रही है, वहीं दूसरी तरफ सपा और कांग्रेस के बीच सीटों को लेकर बातचीत जारी है। आने वाले दिनों में दोनों दलों के बीच सीट बंटवारे पर क्या सहमति बनती है और भाजपा मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर क्या रणनीति अपनाती है, इस पर सभी की नजर रहेगी।