Site icon Dainik Savera Times

मातम में बदली शादी की खुशियां, सड़क हादसे में दूल्हे की मौत

Odisha road accident

Odisha road accident

नेशनल डेस्क: आगरा-इटावा स्टेट हाईवे पर रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई। यह हादसा बाह क्षेत्र में नरहौली और जरार के बीच एक ढाबे के पास करीब शाम 6 बजे हुआ। तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी, जिससे दोनों सड़क पर दूर तक घिसटते चले गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे में आम का पुरा गांव निवासी 21 वर्षीय जितेन्द्र और भाऊ पुरा गांव निवासी 16 वर्षीय सचिन की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक उछलकर सड़क पर गिर पड़े और काफी दूर तक घिसटते रहे। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही बाह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को बाह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर दोनों को एंबुलेंस से आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज भेजा गया, लेकिन अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद कार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी वाहन की पहचान कर उसकी तलाश की जा रही है।

इस हादसे ने एक परिवार की खुशियां पल भर में छीन लीं। आम का पुरा गांव के शेर सिंह के बड़े बेटे जितेन्द्र की शादी तय थी। उसका रिश्ता धौलपुर जिले के महाजपुर गांव में तय हुआ था। 17 फरवरी को उसका लग्नोत्सव होना था। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, निमंत्रण कार्ड बांटे जा चुके थे और रिश्तेदारों का आना शुरू हो गया था। लेकिन हादसे की खबर मिलते ही खुशियों का माहौल मातम में बदल गया।

बताया गया है कि जितेन्द्र रविवार को शादी का निमंत्रण कार्ड देने भाऊ पुरा गांव आया था। वहीं से वह सचिन के साथ किसी काम से बाइक से जरार की ओर जा रहा था, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया। सचिन अपने परिवार में पांच भाइयों में सबसे छोटा था। उसके पिता हरगोविंद भट्टा पर मजदूरी करते हैं। सचिन जामनगर में हलवाई की दुकान पर काम करता था। जितेन्द्र का रिश्ता सचिन के बड़े भाई सनी ने अपनी ससुराल के माध्यम से तय कराया था। सचिन की अचानक मौत से उसका परिवार गहरे सदमे में है और गांव में शोक की लहर है। दोनों युवकों की असमय मौत से पूरे इलाके में दुख का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार वाहन चालक की तलाश जारी है।

Exit mobile version