Last Updated: October 19, 2026

Dainik Savera Times Logo

UP Weather : यूपी में बदलेगा मौसम का मिजाज, अगले 36 घंटों में बारिश और आंधी का अलर्ट

June 10, 2025

UP Weather : यूपी में बदलेगा मौसम का मिजाज, अगले 36 घंटों में बारिश और आंधी का अलर्ट

UP Weather : लखनऊ। प्रचंड गर्मी और लू का सामना कर रहे उत्तर प्रदेश में अगले 36 घंटों में आंधी और गरज चमक के साथ वर्षा का अनुमान व्यक्त किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 36 घंटों में पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं कहीं वर्षा अथवा गरज चमक के साथ छींटे पड़ने के आसार हैं वहीं 12 जून से पूरे प्रदेश में कहीं कहीं आंधी और बूंदाबांदी का अनुमान है। मौसम का बदला मिजाज 16 जून तक जारी करने की संभावना है। इस दौरान आंधी और वर्षा के चलते गर्मी से फौरी राहत मिलने की आशा है।

गर्मी और लू का असर देर रात तक देखा जा रहा
विभाग के अनुसार मंगलवार को प्रदेश के अधिसंख्य इलाकों में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटे में झांसी और आगरा में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया। इस दौरान उष्ण हवायें (लू) और उमस भरी गर्मी लोगों को झुलसाती रही। गर्मी और लू के चलते राज्य के अधिकतर इलाकों में सुबह 11 बजे से सड़कों पर सन्नाटा पसरने लगा है जिससे कारोबार बुरी तरह प्रभावित हुआ है। वहीं राज्य में पीक आवर्स के दौरान बिजली की मांग 30 हजार मेगावाट के पार पहुंचने से स्थानीय गड़बड़ियों की आवृत्ति में भी इजाफा हुआ है जिसके कारण लोग बाग भीषण गर्मी में हाथ वाला पंखा झलने में मजबूर हुये हैं। गर्मी और लू का असर देर रात तक देखा जा रहा है।

डाक्टरों आम लोगों को सलाह, गर्मी आम पुदीने का पना, शिकंजी सेवन करें
मौसम के तल्ख तेवर से बुखार, उल्टी, दस्त आदि के मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है और अस्पतालों में भीड़ बढ़ी है। डाक्टरों ने गर्मी से बचने के लिये आम पुदीने का पना, शिकंजी, छाछ और लस्सी आदि का सेवन करने की सलाह दी है और बासी, तले भुने खाद्य पदार्थो से बचने की अपील की है। बीमार होने की दशा में चिकित्सक की सलाह से ही दवा का सेवन करने की सलाह भी दी जा रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें