Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

शाहजहांपुर में कांवड़ियों की सुरक्षित यात्रा के लिए अतिरिक्त 500 पुलिसकर्मी तैनात

July 28, 2026

शाहजहांपुर में कांवड़ियों की सुरक्षित यात्रा के लिए अतिरिक्त 500 पुलिसकर्मी तैनात

शाहजहांपुर: पिछले वर्ष कांवड़ यात्रा के दौरान घटी घटनाओं से सबक लेते हुए शाहजहांपुर पुलिस प्रशासन ने आगामी कांवड़ यात्रा सकुशल संपन्न कराने के लिए अतिरिक्त 500 पुलिसकर्मी तैनात किए हैं और सीसीटीवी कैमरा से यात्रा की निगरानी की जाएगी। कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालु फर्रुखाबाद के पांचाल घाट से गंगाजल लेकर कांवड़ यात्रा पर निकलते हैं और गोला गोकर्ण नाथ में स्थित शिवलिंग का जलाभिषेक करते हैं।

पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने मंगलवार को मीडिया को बताया कि कांवड़ लेकर गोला गोकर्णनाथ जा रहे श्रद्धालुओं की सुरक्षा और उनकी यात्रा सकुशल संपन्न करने के लिए यात्रा मार्ग पर अतिरिक्त 500 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।

उन्होंने बताया कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर 1100 सिपाही, 210 उप निरीक्षक, 17 निरीक्षक, सात पुलिस क्षेत्राधिकारी और 44 मोटरसाइकिलों पर पुलिस के जवान तैनात रहेंगे। दीक्षित ने बताया, “शाहजहांपुर जिले में लगभग 90 किलोमीटर का कांवड़ मार्ग पड़ता है जिन पर 100 सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। ये सीसीटीवी कैमरे जिला मुख्यालय के अलावा बरेली मंडल के कंट्रोल रूम से जुड़े रहेंगे। इस पूरे मार्ग पर 500 बैरियर भी लगाए गए हैं।”

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि उन्होंने थाना वार बैठकर कर कांवड़ मार्ग पर पड़ने वाले गांव में 120 से ज्यादा सुरक्षा समितियां बनाकर उनके साथ बातचीत की है। इन समितियों के सदस्य कांवड़ यात्रियों का सहयोग करेंगे और पुलिस के संपर्क में रहेंगे। उन्होंने बताया कि अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) देवेंद्र कुमार को कांवड़ यात्रा का प्रभारी बनाया गया है। साथ ही संवेदनशील अल्लाहगंज और कांट थाना क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है ताकि कोई अप्रिय घटना ना घटे।

पुलिस अधीक्षक दीक्षित के मुताबिक पिछले वर्ष चार घटनाएं हुई थी जिसमें अल्लाहगंज में दंडवत यात्रा कर जलाभिषेक करने जा रहे कांवड़ यात्रियों का एक बस ड्राइवर से विवाद हो गया था। इस बीच, बस ड्राइवर द्वारा कथित तौर पर धक्का देने से एक कांवड़ यात्री की गिरकर मौत हो गई थी।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें