मथुरा: उत्तर प्रदेश के मथुरा शहर के चौक बाजार स्थित ऐतिहासिक जामा मस्जिद में बुधवार शाम करीब 7 बजे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। नमाज के दौरान मस्जिद के गुंबद का एक हिस्सा अचानक टूटकर नीचे गिर गया। तेज धमाके जैसी आवाज सुनते ही मस्जिद में मौजूद लोगों और आसपास के बाजार में अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी व्यक्ति को चोट नहीं आई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक जोरदार आवाज सुनाई दी, जिससे लोगों को पहले लगा कि कोई विस्फोट हुआ है। आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। वहां देखा गया कि मस्जिद के गुंबद का एक हिस्सा टूटकर नीचे की ऊपरी छत पर गिरा था।
क्या बोले प्रत्यक्षदर्शी
पास में दुकान चलाने वाले एक दुकानदार ने बताया कि वह अपनी दुकान पर बैठे थे। तेज आवाज सुनकर बाहर निकले तो देखा कि मस्जिद के गुंबद का हिस्सा टूट चुका था। गनीमत रही कि मलबा सीधे सड़क पर नहीं गिरा। अगर ऐसा होता, तो बाजार में मौजूद लोगों और राहगीरों को गंभीर नुकसान हो सकता था। घटना के समय मस्जिद में नमाज अदा की जा रही थी और बाजार में भी सामान्य आवाजाही बनी हुई थी। हालांकि, मलबा मस्जिद परिसर के भीतर ही गिरा, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
प्रारंभिक अनुमान है कि पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण गुंबद का प्लास्टर और बाहरी हिस्सा कमजोर हो गया होगा। हालांकि, गुंबद का हिस्सा किन कारणों से गिरा, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं की गई है। संबंधित अधिकारी और विशेषज्ञ पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से की ये मांग
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। इस घटना के फोटो और वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। वहीं, जामा मस्जिद कमेटी से संपर्क किए जाने पर उन्होंने इस मामले में फिलहाल कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐतिहासिक जामा मस्जिद की तकनीकी जांच कराई जाए और जहां जरूरत हो वहां जल्द मरम्मत कराई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

