लखनऊ: उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने मंगलवार को आरोप लगाया कि विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ लोगों को उकसाकर देश को अस्थिर करने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा का उद्देश्य ऐसे प्रयासों के प्रति लोगों को जागरूक करना है। चौधरी ने पदयात्रा से पहले पीटीआई वीडियो से बातचीत में आरोप लगाया कि ‘इंडिया’ गठबंधन और उससे जुड़े लोग देश को अस्थिर करने की कोशिश कर रहे हैं तथा लोगों को उकसा रहे हैं। उन्होंने कहा, ”एक समाचार चैनल पर प्रसारित स्टिंग ऑपरेशन में कथित तौर पर यह उजागर हुआ है कि बांग्लादेश, नेपाल और श्रीलंका की तर्ज पर भारत को अस्थिर करने के प्रयास कैसे किए जा रहे हैं।”
चौधरी ने कहा कि भारत का लोकतंत्र बेहद मजबूत है और इसकी जड़ें गहरी हैं। उन्होंने कहा कि देश में अस्थिरता पैदा करने के ऐसे प्रयासों को सफल नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि भाजपा यह पदयात्रा इसलिए निकाल रही है, ताकि लोगों को देश में अव्यवस्था फैलाने और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने के कथित प्रयासों के प्रति जागरूक किया जा सके।
पदयात्रा में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सहयोगी दलों की भागीदारी से जुड़े सवाल पर भाजपा नेता प्रियंका रावत ने कहा कि भाजपा ने हमेशा लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत करने और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों को मुख्यधारा से जोड़ने का काम किया है।
उन्होंने दावा किया कि देश की जनता ने ईमानदारी से मतदान किया है और राष्ट्र निर्माण में योगदान दिया है, लेकिन विपक्ष के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है और वह लगातार जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहा है। रावत ने कहा कि चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाने से पहले विपक्ष को उन राज्यों की सरकारों से इस्तीफा दे देना चाहिए, जहां उसके दल सत्ता में हैं।उन्होंने कहा, ”देश की जनता उन्हें जवाब देगी। उन्होंने जनता के जनादेश पर सवाल उठाए हैं और अब जनता खुद उन्हें जवाब देगी।”

