Site icon Dainik Savera Times

UP में भारी बारिश से हुए नुकसान को लेकर सीएम योगी सख्त, कहा- 24 घंटे के भीतर मिले मुआवजा

CM YOGI

CM YOGI

UP DESK: उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश और अतिवृष्टि को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य तेजी से करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बारिश से हुई जनहानि, पशुहानि और आर्थिक नुकसान का तुरंत आकलन कराने को कहा है। मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ अधिकारियों को खुद प्रभावित क्षेत्रों में जाकर हालात का जायजा लेने और जरूरत के अनुसार तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश से प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद समय पर मिलनी चाहिए।

24 घंटे के भीतर मिले मुआवजा
मुख्यमंत्री योगी ने अधिकारियों से कहा कि अतिवृष्टि और आकाशीय बिजली के कारण हुई मौतों, पशुओं की हानि और संपत्ति के नुकसान का तत्काल सर्वे कराया जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि नुकसान का आकलन पूरा होने के बाद पात्र प्रभावित लोगों को 24 घंटे के भीतर मुआवजा उपलब्ध कराया जाए। अधिकारियों को प्रभावित परिवारों के लगातार संपर्क में रहने और उनकी समस्याओं को सुनकर तुरंत समाधान कराने को कहा गया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि किसी भी जरूरतमंद परिवार तक राहत पहुंचने में देरी नहीं होनी चाहिए।

जलभराव की समस्या पर तुरंत कार्रवाई
सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बारिश के कारण किसी भी इलाके में लंबे समय तक जलभराव की स्थिति नहीं रहनी चाहिए। जलभराव वाले क्षेत्रों में जरूरत के अनुसार तत्काल पानी निकासी की व्यवस्था की जाए। वरिष्ठ अधिकारियों को खुद मौके पर जाकर स्थिति देखने और स्थानीय स्तर पर जरूरी कदम उठाने को कहा गया है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के लोगों से भी बारिश के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।

बारिश से खराब सड़कों को तुरंत चलने लायक बनाने के निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बारिश के बीच प्रदेश में चल रहे गड्ढामुक्त सड़क अभियान की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को बारिश के कारण खराब हुई सड़कों को जल्द से जल्द आवागमन के लायक बनाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि फिलहाल जिन सड़कों पर बारिश के कारण गड्ढे या अन्य नुकसान हुआ है, उन्हें तत्काल ठीक किया जाए। वहीं, बरसात खत्म होने के बाद जरूरत के अनुसार इन सड़कों का स्थायी नवीनीकरण कराया जाए। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सड़क मरम्मत के काम में केवल तेजी ही नहीं, बल्कि गुणवत्ता का भी पूरा ध्यान रखा जाए।

त्योहारों से पहले 681 प्रमुख सड़कें होंगी गड्ढामुक्त
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आगामी प्रमुख त्योहारों से पहले प्रदेश की 681 प्रमुख सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए हैं। इनमें गणेश चतुर्थी, नवरात्रि, दीपावली और छठ जैसे प्रमुख त्योहारों के दौरान लोगों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले रास्तों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके साथ ही स्कूल-कॉलेज और अन्य शिक्षण संस्थानों, अस्पतालों तथा प्रमुख बाजारों तक जाने वाली सड़कों की मरम्मत को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं। इसका उद्देश्य यह है कि त्योहारों और रोजमर्रा के आवागमन के दौरान लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।

सिर्फ गड्ढों पर पैचवर्क करने से काम नहीं चलेगा
मुख्यमंत्री ने सड़क मरम्मत को लेकर अधिकारियों को साफ निर्देश दिया कि काम केवल गड्ढों में पैचवर्क करने तक सीमित नहीं रहना चाहिए। जहां सड़क ज्यादा खराब है, वहां जरूरत के अनुसार उसकी बेहतर तरीके से मरम्मत और नवीनीकरण किया जाए।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश के 9 विभागों के अंतर्गत आने वाली करीब 4.36 लाख किलोमीटर सड़कों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने कुल 50 हजार किलोमीटर सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लक्ष्य को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। अब तक करीब 5,751 किलोमीटर सड़कों पर गड्ढामुक्ति का काम पूरा हो चुका है। बाकी सड़कों पर भी काम की गति बढ़ाने को कहा गया है।

महिलाओं को एक लाख रुपये देने का भी किया था ऐलान
बता दें कि इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महिलाओं के लिए त्योहार से पहले बड़ी घोषणा की थी। उन्होंने महिलाओं को एक-एक लाख रुपये देने की बात कही थी। अब अतिवृष्टि और बारिश से प्रभावित लोगों के लिए राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।

 

Exit mobile version