Last Updated: October 11, 2026

Dainik Savera Times Logo

रक्षाबंधन पर UP में महिलाओं के लिए तीन दिन रहेगी फ्री बस यात्रा

August 25, 2026

रक्षाबंधन पर UP में महिलाओं के लिए तीन दिन रहेगी फ्री बस यात्रा

यूपी डेस्कः रक्षाबंधन के त्योहार पर उत्तर प्रदेश सरकार ने महिलाओं को बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महिलाओं के लिए सरकारी बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा बढ़ा दी है। अब महिलाएं 27 अगस्त की सुबह 6 बजे से 29 अगस्त की आधी रात तक उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में बिना किराया दिए सफर कर सकेंगी। इस सुविधा का उद्देश्य रक्षाबंधन के मौके पर महिलाओं को अपने मायके या परिवार के पास जाने में आसानी देना और उनकी सुरक्षित घर वापसी सुनिश्चित करना है।

महिला के साथ एक व्यक्ति भी कर सकेगा फ्री सफर
इस योजना के तहत केवल महिला ही नहीं, बल्कि उसके साथ यात्रा करने वाला एक व्यक्ति भी बिना किराया दिए सफर कर सकेगा। अगर किसी महिला के साथ दो या उससे ज्यादा लोग यात्रा कर रहे हैं, तो महिला और उसके एक साथी का टिकट फ्री रहेगा। इसके अलावा साथ जाने वाले दूसरे व्यक्ति या अन्य यात्रियों को सामान्य नियम के अनुसार पूरा किराया देना होगा।

पहले दो दिन की थी घोषणा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पहले रक्षाबंधन के मौके पर महिलाओं के लिए दो दिन तक निशुल्क बस यात्रा की घोषणा की थी। हालांकि, बाद में रविवार को उन्होंने इस सुविधा की अवधि बढ़ा दी। अब महिलाओं को 27 अगस्त की सुबह 6 बजे से 29 अगस्त की मध्य रात्रि तक फ्री बस यात्रा की सुविधा मिलेगी।

900 से ज्यादा बसों में भी मिलेगी सुविधा
सरकार ने नगर विकास विभाग की 900 से अधिक बसों में भी महिलाओं के लिए निशुल्क यात्रा की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। यानी रक्षाबंधन के दौरान सरकारी परिवहन व्यवस्था को ज्यादा सुविधाजनक बनाने की तैयारी की गई है। सरकार का जोर इस बात पर है कि त्योहार के दौरान महिलाओं को बसों में यात्रा करने में किसी तरह की परेशानी न हो और उन्हें सुरक्षित तरीके से उनके गंतव्य तक पहुंचाया जा सके।

अधिकारियों के साथ मुख्यमंत्री ने की बैठक
रक्षाबंधन की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सरकारी आवास पर वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। इस बैठक में परिवहन विभाग, परिवहन निगम, नगर विकास विभाग, पुलिस और यातायात विभाग के अधिकारियों ने हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को आपसी तालमेल के साथ काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान महिलाओं की सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा के लिए सभी जरूरी इंतजाम पहले से किए जाएं।

बस, टैक्सी और ऑटो चालकों का होगा सत्यापन
मुख्यमंत्री ने निजी बसों, ऑटो और टैक्सी चालकों के सत्यापन पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं। इसका उद्देश्य त्योहार के दौरान महिलाओं की सुरक्षा को मजबूत करना है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि 25 अगस्त तक सभी जिलों में बस, टैक्सी और ऑटो-टेम्पो यूनियनों के साथ बैठक कर जरूरी व्यवस्थाओं को लेकर समन्वय किया जाए।

धार्मिक और पर्यटन स्थलों पर विशेष व्यवस्था
रक्षाबंधन के दौरान बड़ी संख्या में लोग धार्मिक और पर्यटन स्थलों पर भी पहुंचते हैं। इसे देखते हुए मुख्यमंत्री ने प्रमुख स्थानों पर विशेष यातायात व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। खास तौर पर मथुरा-वृंदावन, अयोध्या, वाराणसी, प्रयागराज, चित्रकूट, विंध्याचल-मिर्जापुर और गोरखपुर जैसे प्रमुख शहरों और धार्मिक स्थलों पर ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर रखने के लिए विशेष इंतजाम किए जाएंगे।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें