लखनऊ: समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गोरखपुर में हादसे में मारे गए बच्चे के मामले को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सीसीटीवी फुटेज से सच्चाई सामने आने के बाद मुख्यमंत्री बौखला गए हैं और अब पीडीए कार्यकर्ताओं के परिवारों को परेशान किया जा रहा है। यादव ने शुक्रवार को सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर जारी बयान में कहा कि उनके साहसी कार्यकर्ताओं को जुल्म और नाइंसाफी से डरने की जरूरत नहीं है। मुख्यमंत्री अब दो-तीन महीने के मेहमान हैं और चुनाव में हार के बाद उन्हें सत्ता से हटना पड़ेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री हताशा में कार्यकर्ताओं के उत्पीड़न पर उतारू हैं।
सपा अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री की राजनीतिक स्थिति पर सवाल उठाते हुए दावा किया कि दिल्ली में उन्हें बार-बार बुलाया जा रहा है, उनकी अपनी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और संगठन के बीच मतभेद हैं तथा उनके साथ पार्टी के 10 विधायक भी नहीं हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रदेश संगठन मुख्यमंत्री की ओर से तैयार प्रत्याशियों की सूची को फर्जी बताने के लिए उनसे नकार-पत्र पर हस्ताक्षर करवा रहा है। उन्होंने दावा किया कि नौकरशाही और पुलिस महकमे में कुछ अधिकारियों को छोड़कर कोई भी मुख्यमंत्री के अन्याय में उनका साथ नहीं दे रहा है। उपमुख्यमंत्री और मुख्य निर्वाचन अधिकारी के बयानों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के दावे उनकी ही सरकार और प्रशासन के स्तर पर खारिज किए जा रहे हैं।
अखिलेश ने आरोप लगाया कि लखनऊ के अग्निकांड में मृत युवक की मां के साथ कथित दुर्व्यवहार के कारण महिलाएं सरकार से नाराज हैं। युवाओं में भी आरक्षण और रोजगार को लेकर सरकार के प्रति असंतोष है। उन्होंने निवेशकों, ठेकेदारों, व्यापारियों और दुकानदारों को भी भ्रष्टाचार, कमीशनखोरी और कथित वसूली से परेशान बताया।
उन्होंने प्रदेश में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए धंसते राजमार्गों, गिरती पानी की टंकियों और पुलों की घटनाओं को भ्रष्टाचार का परिणाम बताया। साथ ही थाना, तहसील और कचहरी में भ्रष्टाचार, किसानों को खाद की किल्लत, छुट्टा पशुओं की समस्या और मजदूरों की नाराजगी का भी उल्लेख किया।
सपा अध्यक्ष ने कानून-व्यवस्था को लेकर भी मुख्यमंत्री पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि गंभीर अपराधों में शामिल एक जेल में बंद अपराधी को अच्छे आचरण के आधार पर रिहा किया गया है। उन्होंने कथित फर्जी मुठभेड़ों, हिरासत में मौतों, दलितों और महिलाओं के खिलाफ अपराध तथा पुलिस महकमे में जातिगत आधार पर तैनाती के आरोप भी लगाए।
अखिलेश ने दावा किया कि पीडीए समाज 2024 और 2026 के चुनावों में भाजपा को हराकर अपनी एकजुटता दिखा चुका है। उन्होंने कहा कि किसान, युवा, श्रमिक, व्यापारी और बुद्धिजीवी वर्ग भी सरकार से नाराज है। भाजपा इस बार कानून-व्यवस्था की विफलता के कारण चुनाव हारेगी और पार्टी के नेता भी मुख्यमंत्री को हटाना चाहते हैं।

