Last Updated: October 18, 2026

Dainik Savera Times Logo

ग्रेटर नोएडाः एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत के मामले में बहन, बहनोई समेत तीन गिरफ्तार

October 18, 2026

ग्रेटर नोएडाः एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत के मामले में बहन, बहनोई समेत तीन गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा रबूपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम नगला पदम में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मृत्यु के मामले में पुलिस ने मृतक महेश के बहनोई, बड़ी बहन और छोटी बहन को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ मृतका ललिता के भाई की लिखित शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज किया। मामले में मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है। पांचों शवों का चिकित्सकों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया है और सभी के विसरा सुरक्षित रखे गए हैं।

पुलिस ने रविवार को जानकारी साझा करते हुए बताया कि,घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। घटनास्थल पर फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को बुलाया गया तथा आवश्यक जांच कराई गई। पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद पांचों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेजा गया। चिकित्सकों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई गई। मौत के कारणों की पुष्टि के लिए सभी शवों के विसरा सुरक्षित किए गए हैं, जिन्हें विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।

शनिवार को सूचना मिली थी कि,ग्राम नगला पदम में एक ही परिवार के पांच सदस्य मृत अवस्था में पाए गए हैं। मृतकों की पहचान महेश पुत्र कृष्ण (37), उसकी पत्नी ललिता (35), बेटे लड्डू उर्फ साक्षात (11), बेटी मिस्टी (7) और छोटे बेटे रियांश (3) के रूप में हुई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, परिवार के सभी सदस्य 16 अक्टूबर की रात बाहर से घर लौटे थे। खाना खाने के बाद वे सो गए और अगले दिन सुबह मृत पाए गए।

पुलिस को पड़ोसियों और रिश्तेदारों से मिली जानकारी मिली कि, महेश अपनी मां चंद्रवती के साथ जिस मकान में रहता था, उसे उसकी बड़ी बहन सुनीता ने कथित तौर पर मां को प्रभावित कर अपने नाम करा लिया था। बताया गया है कि इस बात की जानकारी होने के बाद महेश काफी परेशान रहने लगा था। हालांकि, मकान से जुड़े विवाद और पांचों मौतों के बीच संबंध की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

पुलिस को महेश के मोबाइल फोन की जांच के दौरान उसकी रिकॉर्ड की हुई एक ऑडियो रिकॉर्डिंग मिली है। इस रिकॉर्डिंग में महेश ने अपनी बड़ी बहन सुनीता, बहनोई शेखर और छोटी बहन सपना को घटना के लिए जिम्मेदार बताया है। इसके अलावा, घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई। फुटेज में किसी बाहरी व्यक्ति के घर में प्रवेश करने की जानकारी नहीं मिली है।

मृतका ललिता के भाई की लिखित तहरीर के आधार पर थाना रबूपुरा में मुकदमा संख्या 223/2026, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 108 के तहत शेखर उर्फ चंद्रशेखर (50), उसकी पत्नी सुनीता (45) और सपना (32) के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने तीनों नामजद आरोपियों को रविवार को गिरफ्तार कर लिया। शेखर और सुनीता दिल्ली के शालीमार गांव, थाना शालीमार बाग के निवासी हैं, जबकि सपना दिल्ली के खेड़ा कला क्षेत्र की रहने वाली है।

गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल पांचों की मौत का वास्तविक कारण विसरा जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर स्पष्ट होने की उम्मीद है। पुलिस ने बताया कि घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें