Last Updated: October 12, 2026

Dainik Savera Times Logo

हरदोई: घर में मिला संदिग्ध हैंड ग्रेनेड, मचा हड़कंप

August 28, 2026

हरदोई: घर में मिला संदिग्ध हैंड ग्रेनेड, मचा हड़कंप

हरदोई: उत्तर प्रदेश में हरदोई जिले के हरपालपुर थाना क्षेत्र के जोधनपुरवा गांव में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक ग्रामीण के घर में पॉलीथिन में लिपटा संदिग्ध हैंड ग्रेनेड मिला। ग्रामीण ने रात में संदिग्ध वस्तु को बाहर फेंक दिया था, लेकिन शुक्रवार सुबह पॉलीथिन खोलने पर उसके अंदर हैंड ग्रेनेड दिखाई दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा के मद्देनजर क्षेत्र को सुरक्षित किया। ग्रेनेड को निष्क्रिय करने के लिए बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वाड (बीडीडीएस) को सूचना दी गई है।

ग्रामीण सतीश पुत्र रामसेवक के मुताबिक, बीती रात किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके घर के अंदर पॉलीथिन में लिपटी एक संदिग्ध वस्तु फेंकी थी। वस्तु पहले छत पर पड़े तिरपाल से टकराई और फिर जमीन पर गिरकर पानी में चली गई। अंधेरा होने के कारण सतीश उस समय वस्तु की पहचान नहीं कर सके और उसे उठाकर घर के बाहर फेंक दिया।

शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे सतीश ने उत्सुकतावश पॉलीथिन खोलकर देखा तो उसके अंदर हैंड ग्रेनेड दिखाई दिया। इसकी जानकारी फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और इलाके में दहशत का माहौल बन गया। सतीश ने पुरानी रंजिश के चलते सांडी क्षेत्र में रहने वाले अपने रिश्तेदारों पर घर के अंदर हैंड ग्रेनेड फेंकने का आरोप लगाया है। पुलिस इस आरोप की भी जांच कर रही है।

घटना की सूचना सतीश ने डायल-112 के माध्यम से पुलिस को दी। सूचना मिलते ही हरपालपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक सुरक्षात्मक उपाय किए। पुलिस ने संदिग्ध हैंड ग्रेनेड को सुरक्षित कब्जे में लिया है। इस दौरान पुलिस की मौजूदगी में एक ग्रामीण द्वारा ग्रेनेड उठा लेने की बात भी सामने आई है।

सीओ हरपालपुर प्रवीण कुमार यादव ने बताया कि डायल-112 के माध्यम से सतीश पुत्र रामसेवक ने हैंड ग्रेनेड पड़े होने की सूचना दी थी। सूचना मिलते ही हरपालपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आवश्यक सुरक्षा उपाय किए। हैंड ग्रेनेड के सुरक्षित निस्तारण के लिए बीडीडीएस टीम को सूचना दे दी गई है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि संदिग्ध हैंड ग्रेनेड कहां से आया, इसे वहां तक कैसे पहुंचाया गया और घटना के पीछे किसका हाथ है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें