Site icon Dainik Savera Times

ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर दर्दनाक हादसा, स्लीपर बस में लगी भीषण आग, 9 लोगों की मौत

नेशनल डेस्कः उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा से एक बड़ी और दर्दनाक खबर सामने आई है। जहां, यमुना एक्सप्रेस-वे पर चलती हुई एक डबल डेकर स्लीपर बस में अचानक भीषण आग लग गई। हादसा इतना भयावह था कि देखते ही देखते पूरी बस आग की लपटों में घिर गई। इस हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से झुलस गए हैं। हादसे के समय बस में करीब 35 लोग सवार थे। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

नोएडा से आगरा जा रही थी बस
जानकारी के मुताबिक, यह टूरिस्ट बस नोएडा से आगरा की तरफ जा रही थी। बस यमुना एक्सप्रेस-वे पर जेवर कार्गो एयरपोर्ट के पास पहुंची थी, तभी अचानक उसमें आग लग गई। बताया जा रहा है कि बस में सवार ज्यादातर यात्री सफर के दौरान सो रहे थे। अचानक आग लगने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कई लोगों ने समय रहते बस से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई, लेकिन कुछ यात्री अंदर ही फंस गए।

 

देखते ही देखते पूरी बस आग की चपेट में आई
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस में आग लगने के बाद धुआं तेजी से फैल गया। कुछ ही समय में आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। बस के अंदर मौजूद यात्रियों को बाहर निकलने का मौका बहुत कम मिला। कई यात्री घबराहट में एक-दूसरे को धक्का देते हुए बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे। हादसे का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बस पूरी तरह जलती हुई दिखाई दे रही है।

यात्री ने बताया हादसे का खौफनाक मंजर
बस में सफर कर रही एक महिला यात्री ने बताया कि वह सो रही थी, तभी किसी ने बस का दरवाजा खटखटाया। उसने बताया, “जब मेरी आंख खुली तो वहां काफी भीड़ थी। मैंने अपना कोई सामान नहीं उठाया, यहां तक कि जूते भी नहीं पहने। सिर्फ अपना फोन लेकर तुरंत बाहर निकल गई।” महिला ने बताया कि बस के अंदर और बाहर काफी धुआं था। लोग घबराए हुए थे और बाहर निकलने के लिए एक-दूसरे से धक्का-मुक्की कर रहे थे। उसने कहा कि बाहर निकलना काफी मुश्किल था। चारों तरफ धुआं फैला हुआ था और कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था। कई लोग अंदर फंस गए, जो शायद बाहर नहीं निकल पाए।

दूसरे यात्री ने भी सुनाई पूरी घटना
एक अन्य यात्री ने बताया कि वह बस में सो रहा था, तभी किसी ने उसे जगाकर बताया कि बस में आग लग गई है। इसके बाद सभी यात्री बाहर निकलने के लिए भागने लगे। लेकिन धुएं और घबराहट के कारण बाहर निकलना आसान नहीं था। यात्री ने बताया कि बस पूरी तरह यात्रियों से भरी हुई थी। काफी मशक्कत के बाद कुछ लोग बाहर निकल पाए।

दमकल टीम ने मौके पर पहुंचकर बुझाई आग
हादसे की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने काफी प्रयास के बाद बस में लगी आग को बुझाया। इसके बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लिया हादसे का संज्ञान
ग्रेटर नोएडा बस हादसे पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जाए। सीएम योगी ने मृतकों के परिवारों से बात कर हर संभव सहायता देने के निर्देश भी दिए हैं। साथ ही उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।

पहले भी ग्रेटर नोएडा में हुआ था हादसा
गौरतलब है कि इससे पहले भी ग्रेटर नोएडा में राहत कार्य के दौरान एक हादसा सामने आया था। आग बुझाने के दौरान दीवार और बीम गिरने से दो दमकलकर्मियों की मौत हो गई थी, जबकि तीन लोग घायल हुए थे। फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहे हैं और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

 

Exit mobile version