Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

बागपत में डिवाइडर से टकराकर पलटा पिकअप वाहन, छह लोगों की मौत, 24 से अधिक घायल

September 7, 2026

बागपत में डिवाइडर से टकराकर पलटा पिकअप वाहन, छह लोगों की मौत, 24 से अधिक घायल

बागपतः राजस्थान से उत्तर प्रदेश के बदायूं जा रही एक पिकअप गाड़ी के बागपत जिले में डिवाइडर से टकराकर पलट जाने से उसमें सवार छह लोगों की मौत हो गई तथा 24 से अधिक लोग घायल हो गये। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक सूरज राय ने बताया कि राजस्थान से बदायूं जा रहा एक पिकअप वाहन रविवार देर रात करीब साढ़े 12 बजे खेकड़ा थाना क्षेत्र में डिवाइडर से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर पलट गया। उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

राय ने बताया कि घायलों को खेकड़ा और बागपत के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और बागपत के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्होंने बताया कि गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्रों में भेजा गया है। उन्होंने बताया कि घायल यात्री कुंवर पाल के अनुसार हादसे के समय ज्यादातर यात्री वाहन में सो रहे थे तभी अचानक जोरदार आवाज के साथ गाड़ी पलट गयी।

राय ने बताया कि वाहन चालक ने उन्हें बताया कि गाड़ी को पीछे से किसी दूसरी गाड़ी ने टक्कर मारी, जिससे यह हादसा हुआ। वउन्होंने बताया कि पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। मेडिकल कॉलेज के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक अजीत चौधरी ने बताया कि हादसे में छह लोगों की मौत हो चुकी है। उन्होंने बताया कि 12 घायलों का मेडिकल कॉलेज में इलाज किया जा रहा है, जिनमें से चार की हालत गंभीर है।

चौधरी ने बताया कि पुलिस मृतकों और घायलों के परिजनों से संपर्क कर उन्हें जरूरी मदद उपलब्ध कराने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने मृतकों और घायलों के बारे में जानकारी चाहने वाले परिजनों से बागपत पुलिस से फोन पर संपर्क करने की अपील की है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें