नोएडा: उत्तर प्रदेश में नोएडा सेक्टर 39 थाना पुलिस और चेन स्नैचिंग करने वाले दो बदमाशों के बीच देर रात मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया। नोएडा अपर पुलिस उपायुक्त अभय कुमार मिश्र ने आज जानकारी दी और बताया कि,पकड़े गए आरोपियों की पहचान दिल्ली के भजनपुरा थाना क्षेत्र निवासी सलमान (30) और तनवीर (37) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, कारतूस, चोरी की मोटरसाइकिल और 2.19 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में नकदी सेक्टर-39 थाना क्षेत्र में हुई चेन स्नैचिंग की घटना से संबंधित बताई गई है।
गुरुवार की रात सेक्टर 39 थाना पुलिस की टीम सेक्टर-43 के पास दादरी रोड नर्सरी के नजदीक संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सेक्टर-49 रेड लाइट की ओर से एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर दो व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिसकर्मियों ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन बाइक सवार रुकने के बजाय रफ्तार बढ़ाकर स्टेलर ग्रीन पार्क की ओर भागने लगे।
संदेह होने पर पुलिस टीम ने उनका पीछा शुरू कर दिया और अन्य पुलिसकर्मियों को भी सूचना दी। पुलिस की घेराबंदी बढ़ती देख दोनों आरोपी मोटरसाइकिल को सोम बाजार से स्टेलर ग्रीन पार्क के पास जंगल की ओर जाने वाले रास्ते पर मोड़कर भागने लगे। इसी दौरान बरसात के कारण मोटरसाइकिल फिसल गई और दोनों नीचे गिर पड़े।
गिरने के बाद आरोपियों ने खुद को घिरा देखकर पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिसमें दोनों आरोपी घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया और तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक-एक अवैध .315 बोर का तमंचा, दो खोखा कारतूस और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल की गई चोरी की रॉयल एनफील्ड हंटर 350 सीसी मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से 2 लाख 19 हजार रुपये नकद भी बरामद किए हैं। पूछताछ और प्रारंभिक जानकारी के आधार पर इस रकम को थाना सेक्टर-39 क्षेत्र में हुई चेन स्नैचिंग की वारदात से संबंधित बताया गया है।
पुलिस द्वारा की गई जांच में सामने आया कि,आरोपी सलमान के खिलाफ दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में चेन स्नैचिंग, लूट और चोरी समेत 48 मुकदमे दर्ज हैं, जबकि तनवीर के खिलाफ इसी तरह के 44 मुकदमे पंजीकृत पाए गए हैं। दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास और बरामद सामान के संबंध में पुलिस आगे की जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों निर्देशन में घायल आरोपियों का अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी क्षेत्र में चेन स्नैचिंग की अन्य घटनाओं में शामिल रहे हैं या नहीं।

