Site icon Dainik Savera Times

विरासत में सत्ता मिल सकती है, बुद्धि नहीं : मंत्री ओमप्रकाश राजभर

om prakash

लखनऊ: सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने मंगलवार को समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि ”विरासत में सत्ता मिल सकती है, बुद्धि नहीं।” पार्क रोड स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम में  राजभर ने कहा कि  यादव ने ‘पीडीए’ बनाया लेकिन जरूरत के मुताबिक उसका नाम बदलते रहते हैं।

कार्यक्रम में ग्लोबल कहार संगठन के 247 लोगों ने सुभासपा की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी के मुताबिक इनमें न्यायपालिका और नौकरशाही से जुड़े लोग भी शामिल हैं। राजभर ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की दिक्कत होने पर पार्टी आधी रात को भी उनके साथ खड़ी मिलेगी। उन्होंने यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि वह ”एसी-पीसी वाले नेता” हैं और उनका गरीबों से कोई वास्ता नहीं है। उन्होंने कहा, ”चवन्नी को रुपया बना रहे हैं। हम उन्हें समझा देंगे कि आप जहां से चले थे, वहीं रह जाएंगे।”

उन्होंने सपा अध्यक्ष पर ”मानसिक संतुलन बिगड़ने” का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें अपने पिता मुलायम सिंह यादव का इतिहास पढ़ना चाहिए।  राजभर ने कहा कि चौधरी चरण सिंह ने ही मुलायम सिंह यादव को नेता बनाया था।

उन्होंने कहा, ”अब जिन्होंने आपको नेता बनाया, उन्हें चवन्नी बता रहे हैं और खुद को रुपया समझ रहे हैं। इतिहास पढ़कर बात करो।” सीटों के बंटवारे के सवाल पर राजभर ने कहा कि सीटों को लेकर कोई विवाद नहीं है। उन्होंने कहा, ”झगड़ा सीटों का नहीं, गरीबों और वंचितों को न्याय दिलाने का है।” आरक्षण के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि वर्ष 1993 से उच्चतम न्यायालय के आदेश के तहत आरक्षण मिल रहा है लेकिन समाजवादी पार्टी का कोई नेता सामाजिक न्याय के सिद्धांतों की बात नहीं करता।

स्कूलों में हिजाब के मुद्दे पर उच्च न्यायालय के आदेश का स्वागत करते हुए  राजभर ने कहा कि प्रत्येक विद्यालय के अपने ड्रेस कोड का पालन करना होगा। उन्होंने कहा, ”कानून का राज है, कानून सबको मानना पड़ेगा।” राजभर ने आरोप लगाया कि एक मौलाना ने भगवान कृष्ण को लेकर टिप्पणी की थी लेकिन अखिलेश यादव ने उस पर एक बार भी आवाज नहीं उठाई, जबकि वह खुद को कृष्ण का वंशज बताते हैं।

आरक्षण समाप्त किए जाने के सवाल पर राजभर ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में विपक्षी दलों ने दावा किया था कि भाजपा की सरकार बनी तो आरक्षण खत्म कर दिया जाएगा लेकिन ऐसा नहीं हुआ। उन्होंने कहा, ”ये सत्ता जाने से पागल हैं, कुछ भी बोल देते हैं।”

महंगाई के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि महंगाई के साथ संसाधनों में भी बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कहा कि पहले लोग कच्चे मकानों में रहते थे और बिजली चार-पांच घंटे आती थी, जबकि अब 18 घंटे बिजली मिल रही है।

 

Exit mobile version