Site icon Dainik Savera Times

भदोही का नाम संत रविदास नगर करने पर अयोध्या के संतों ने जताया आभार

CM Yogi Adityanath

CM Yogi Adityanath

कहा- सीएम योगी के राज में सनातन का सम्मान

अयोध्या: उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा भदोही जिले का नाम बदलकर पुनः ‘संत रविदास नगर’ करने के फैसले का संत समाज ने स्वागत किया है। संतों का कहना है कि यह निर्णय सनातन परंपरा और महापुरुषों के सम्मान का प्रतीक है। आर्य संत वरुण दास जी महाराज ने इस निर्णय को ऐतिहासिक और प्रशंसनीय बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बहुत ही उत्तम कार्य किया है। संत रविदास जी ने सनातन धर्म और समाज के लिए अतुलनीय योगदान दिया है। उनका जीवन समरसता और भक्ति का प्रतीक रहा है। यह बहुत ही सुंदर और स्वागत योग्य कदम है। वहीं हनुमानगढ़ी मंदिर के पुजारी राजू दास ने भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री योगी को साधुवाद, आभार और धन्यवाद है। उन्होंने कहा कि सीएम योगी स्वयं एक साधु और महात्मा हैं, इसलिए वे सनातन संस्कृति के उत्थान के लिए हमेशा कार्य करते हैं। राजू दास ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लगातार प्रदेश में जीर्ण-शीर्ण पड़े मंदिरों का जीर्णोद्धार कराया है, चाहे वह किसी भी सम्प्रदाय, मत, पंथ या परंपरा से जुड़ा हो। उन्होंने सनातन संस्कृति को बचाने और बढ़ाने का काम किया है। इसी सोच के तहत उन्होंने भदोही का नाम बदलकर संत रविदास नगर किया है, जो नाम सनातन परंपरा के अनुरूप है। यह बहुत अच्छी बात है। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे पर भी टिप्पणी की।

राजू दास ने कहा कि समाजवादी पार्टी पर हिंदुओं को कभी भरोसा नहीं करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा से सनातन संस्कृति, हिंदू और हिंदुत्व की विरोधी रही है। उन्होंने अयोध्या में कारसेवकों पर गोली चलाने की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि यही वह अयोध्या है, जहां राम भक्तों के सीने गोलियों से छलनी कर दिए गए थे।

आज उसी पार्टी के नेता किस मुंह से अयोध्या आना चाहते हैं, किस मुंह से साधु-संतों की शरण में आना चाहते हैं और किस मुंह से भागवत कथा में शामिल होना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि यह केवल राजनीतिक प्रचार है और कुछ नहीं। भागवत कथा के नाम पर हिंदुओं को बरगलाने का प्रयास किया जा रहा है, यह आस्था के साथ छलावा है। ये लोग गिरगिट की तरह रंग बदलते हैं और ऐसे लोगों से हिंदुओं और सनातनियों को सावधान रहने की जरूरत है।

Exit mobile version