Last Updated: October 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

 भारत के खिलाफ षड्यंत्र के लिए सोशल मीडिया तीसरा माध्यम बना: Cm Yogi

August 13, 2026

 भारत के खिलाफ षड्यंत्र के लिए सोशल मीडिया तीसरा माध्यम बना: Cm Yogi

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को कहा कि सोशल मीडिया भारत के खिलाफ षड्यंत्रों का तीसरा माध्यम बन गया है और भारत विरोधी ताकतें इस मंच का इस्तेमाल अफवाहें फैलाने तथा समाज को गुमराह करने के लिए कर रही हैं।

आदित्यनाथ ने ऐतिहासिक ‘काकोरी ट्रेन एक्शन’ के 101 साल पूरे होने पर आयोजित ‘काकोरी ट्रेन कांड शताब्दी वर्ष’ के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कहा, “भारत बिना किसी कारण के गुलाम नहीं बना। गुलामी के कारण हमारे भीतर का विभाजन और हमारे खिलाफ रचे गए षड्यंत्र थे। आज भी कुछ ताकतें जाति, धर्म और भाषा के नाम पर भारत को कमजोर कर रही हैं।”

उन्होंने कहा, “इन षड्यंत्रों का अब तीसरा माध्यम सोशल मीडिया मंच है। सभी भारत विरोधी ताकतें भारत के खिलाफ अफवाह फैलाने, इसका दुरुपयोग करने और समाज को गुमराह करने के लिए इस मंच का इस्तेमाल कर रही हैं।” मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन लोगों ने युवा पीढ़ी को देश के क्रांतिकारियों से दूर रखा, उन्होंने उनके साथ बहुत बड़ा अन्याय किया।

आदित्यनाथ ने आरोप लगाया कि स्वतंत्रता के बाद राम प्रसाद बिस्मिल, रोशन सिंह, अशफाक उल्ला खान, चंद्रशेखर आजाद, वीर सावरकर, भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव जैसे क्रांतिकारियों को जानबूझकर लोगों की स्मृति से दूर रखा गया। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित करने के लिए लगातार षड्यंत्र किए गए कि इन क्रांतिकारियों के नाम वर्तमान पीढ़ी तक न पहुंचें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 1922 में गोरखपुर में चौरी चौरा की घटना के बाद कांग्रेस ने आंदोलन स्थगित कर दिया था और खुद को इस प्रकरण से अलग कर लिया था। उन्होंने कहा कि पंडित मदन मोहन मालवीय ने इन क्रांतिकारियों की ओर से मुकदमा लड़ा था।

आदित्यनाथ ने कहा, “कई क्रांतिकारियों को आजीवन कारावास की सजा हुई और दुर्भाग्य से लखनऊ में कांग्रेस के दो नेता एवं वकीलों ने अदालत में इन क्रांतिकारियों के खिलाफ बहस की थी।” मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत के स्वतंत्रता संग्राम के वास्तविक नायकों को सम्मान देने के लिए 2014 के बाद प्रयास शुरू करने का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार को जाता है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें