Site icon Dainik Savera Times

दर्दनाक हादसा, पेड़ से टकराकर पलटी स्विफ्ट कार;  3 की मौत, 6 घायल, जांच में जुटी पुलिस

azamgarh accident

आजमगढ़ः यूपी के आजमगढ़ जिले के फूलपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार, 15 सितंबर की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जहां, जगदीशपुर के पास तेज रफ्तार स्विफ्ट कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पलट गई। हादसे में कार सवार तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस की मदद से घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।

कार में सवार थे 9 लोग
जानकारी के मुताबिक, हादसे का शिकार हुई स्विफ्ट कार पंजाब नंबर की थी। कार में कुल नौ लोग सवार थे। सभी लोग फूलपुर से सरायमीर की ओर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि इन लोगों ने गणेश प्रतिमा स्थापित की थी और राजभर पंडाल के कार्यक्रम में भी शामिल हुए थे। मंगलवार तड़के करीब पांच बजे जब कार जगदीशपुर के पास पहुंची, तभी तेज रफ्तार के कारण चालक का कार पर नियंत्रण बिगड़ गया। चालक कुछ समझ पाता, उससे पहले ही कार सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। जोरदार टक्कर के बाद कार पलट गई।

दो युवकों की मौके पर मौत
हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार सत्यम मोदनवाल (20), पुत्र रामवेश और निखिल गुप्ता (17), पुत्र रामफेर गुप्ता की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर के बाद दोनों के शव कार में फंस गए थे। सूचना मिलने पर स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। इसके बाद राहत और बचाव का काम शुरू किया गया और कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया गया।

अस्पताल में तीसरे युवक ने दम तोड़ा
हादसे में लकी सोनकर (19), पुत्र अनिल सोनकर भी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें इलाज के लिए फूलपुर अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उनकी जान नहीं बच सकी। इलाज के दौरान लकी सोनकर की भी मौत हो गई। इस तरह हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर तीन हो गई।

छह लोग गंभीर रूप से घायल
हादसे में अंश सोनकर (17), अनमोल मोदनवाल (18), किशन मोदनवाल (20), सक्षम बरनवाल (17), अनुराग पांडेय और शगुन उर्फ कौस्तुभ पांडेय घायल हुए हैं। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि उनकी हालत गंभीर है। डॉक्टरों की निगरानी में सभी का इलाज चल रहा है।

हादसे की सूचना मिलते ही परिवारों में मचा कोहराम
सड़क हादसे की खबर जैसे ही मृतकों और घायलों के परिवारों तक पहुंची, घरों में मातम छा गया। परिजन तुरंत अस्पताल और घटनास्थल की ओर पहुंचने लगे। अपनों को खोने के बाद मृतकों के परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, घायलों के परिजन उनके जल्द ठीक होने की उम्मीद में अस्पताल में मौजूद हैं।

पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
घटना की सूचना मिलते ही फूलपुर के CO किरण पाल सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्विफ्ट कार को कब्जे में ले लिया है और हादसे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। हादसा किस वजह से हुआ, इसकी जांच की जा रही है। फिलहाल घटनास्थल पर स्थिति सामान्य है और पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखी है।

 

Exit mobile version