
नेशनल डेस्कः उत्तर प्रदेश के कानपुर से गुरुवार दोपहर एक बड़े विमान हादसे की खबर सामने आई है। जहां, कानपुर में उड़ान भर रहा एक ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट अचानक दुर्घटनाग्रस्त हो गया। बताया जा रहा है कि विमान गंगा किनारे स्थित नत्था पुरवा गांव के पास गिरा।
मिली जानकारी के मुताबिक, उड़ान के दौरान विमान में अचानक तेज धमाका हुआ। धमाके की आवाज इतनी जोरदार थी कि आसपास के गांवों में रहने वाले लोग घबरा गए। आवाज सुनते ही कई ग्रामीण अपने घरों से बाहर निकल आए और घटनास्थल की ओर पहुंचने लगे।
#WATCH यूपी | कानपुर में एक खेत में ट्विन-इंजन वाला चार सीटों वाला ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट क्रैश हो गया, इंस्ट्रक्टर पायलट और ट्रेनी पायलट की मौत हो गई:पुलिस pic.twitter.com/qnJTvildqN
— ANI_HindiNews (@AHindinews) August 27, 2026
जमीन पर गिरते ही बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ विमान
शुरुआती जानकारी के अनुसार, हादसे का शिकार हुआ विमान ट्विन इंजन ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट था। इसमें दो पायलट सवार थे। उड़ान के दौरान किसी वजह से विमान में जोरदार धमाका हुआ और इसके बाद विमान अपना संतुलन खो बैठा।
कुछ ही देर में विमान नीचे आकर जमीन से टकरा गया। हादसे के बाद मौके पर विमान का मलबा बिखर गया और आसपास धुआं दिखाई देने लगा। सामने आई तस्वीरों और वीडियो में एयरक्राफ्ट काफी बुरी तरह क्षतिग्रस्त नजर आ रहा है।
एक पायलट की मौके पर मौत
इस हादसे में एक पायलट की मौके पर ही मौत होने की जानकारी सामने आई है। वहीं, दूसरे पायलट को गंभीर हालत में मलबे से बाहर निकाला गया। घायल पायलट की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी गंभीर हालात में इलाज किया जा रहा है। हादसे में घायल पायलट की हालत और उसकी पहचान को लेकर प्रशासन की ओर से विस्तृत जानकारी का इंतजार है।
हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस
विमान के गिरने की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर पहुंच गईं। पुलिस ने दुर्घटनास्थल को घेर लिया और ग्रामीणों को मलबे के पास जाने से रोक दिया। हादसे की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। प्रशासन की टीम ने स्थिति को संभालते हुए राहत और बचाव का काम शुरू किया।
विमान में धमाका क्यों हुआ, इसकी जांच शुरू
फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि विमान दुर्घटनाग्रस्त क्यों हुआ। उड़ान के दौरान विमान में धमाका किस वजह से हुआ, इसकी जांच की जा रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कहीं विमान में तकनीकी खराबी तो नहीं थी। इसके अलावा इंजन, विमान के दूसरे हिस्सों और उड़ान से जुड़ी परिस्थितियों की भी जांच की जाएगी। हादसे की असली वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल प्रशासन और संबंधित अधिकारी मौके से जरूरी जानकारी जुटा रहे हैं।
इससे पहले अलास्का में भी हुआ था विमान हादसा
आपको बता दें कि इससे पहले अलास्का के एक मिलिट्री एयरपोर्ट पर भी विमान हादसे की खबर सामने आई थी। इस दुर्घटना में 8 लोगों की मौत हो गई थी। बताया गया था कि हादसे के समय मौसम खराब था और इलाके में घना कोहरा छाया हुआ था। खराब मौसम के कारण पायलट को रनवे ठीक से दिखाई नहीं दे रहा था। लैंडिंग के दौरान विमान हादसे का शिकार हो गया था।
फिलहाल कानपुर के हादसे में विमान दुर्घटना की वास्तविक वजह क्या रही, इसका पता लगाने के लिए जांच जारी है। प्रशासन की ओर से आगे मिलने वाली जानकारी के बाद हादसे की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।