Site icon Dainik Savera Times

UP सरकार का त्योहारों पर तोहफा, दीपावली और छठ के दौरान 24 घंटे मिलेगी बिजली

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में यूपी सरकार ने दीपावली, छठ और अन्य त्योहारों पर प्रदेशवासियों को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की तैयारी तेज कर दी है।नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को त्योहारों के दौरान राज्य में 24 घंटे निर्बाध बिजली की आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि दीपावली प्रकाश का पर्व है, इसलिए अनावश्यक शटडाउन और बार-बार बिजली कटौती बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने कहा कि त्योहार के समय बकाया वसूली के नाम पर उपभोक्ताओं के कनेक्शन न काटे जाएं। इसके साथ ही बड़े और संगठित बिजली चोरों को चिह्नित करके उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए तथा छोटे उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशान न किया जाए।

ऊर्जा मंत्री ने झटपट पोर्टल पर विद्युत कनेक्शन को लेकर अधिकारियों को लंबित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण करने तथा निरस्त किए गए आवेदनों की समीक्षा कर व्यवस्था में सुधार लाने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही निर्देश दिए गए हैं कि नियमित बिजली बिल जमा करने वाले उपभोक्ताओं को बकाएदारों के कारण होने वाली ट्रिपिंग और बिजली कटौती की समस्या न झेलनी पड़े। जहां जरूरत हो, वहां ट्रांसफार्मरों का क्षमता विस्तार तत्काल किया जाए। ऊर्जा मंत्री ने नवंबर के बिजली बिलों में 9.70 प्रतिशत की राहत मिलने पर उपभोक्ताओं को बधाई दी। इससे घरेलू, व्यावसायिक सहित अन्य श्रेणियों के उपभोक्ताओं को लगातार पांचवें महीने सीधा लाभ मिलेगा।

नवसृजित नगर पंचायतों की विद्युत व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मंत्री एके शर्मा ने कहा कि इन क्षेत्रों में मुख्यालयों की तर्ज पर निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उ न्होंने कहा कि जरूरत के अनुसार अतिरिक्त बजट उपलब्ध कराने को नगर विकास विभाग तैयार है, इसलिए विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए तेजी से काम किया जाए।

Exit mobile version