Last Updated: October 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

सोमवार को भी राज्यसभा में हंगामा जारी, सदन की कार्रवाई स्थगित

December 18, 2023

सोमवार को भी राज्यसभा में हंगामा जारी, सदन की कार्रवाई स्थगित

नई दिल्ली। राज्यसभा में सोमवार को भी हंगामा जारी रहा। सुबह 11 सदन की कार्यवाही शुरू हुई लेकिन कुछ देर बाद ही हंगामा के कारण स्थगित करनी पड़ी। दरअसल विपक्षी सांसद सुरक्षा के विषय पर सदन में चर्चा चाहते थे। सोमवार को विपक्ष के 22 सांसदों ने नियम 267 के अंतर्गत चर्चा के लिए सभापति को नोटिस दिया। हालांकि चर्चा के लिए दिए गए सांसदो के ये सभी नोटिस अस्वीकार कर दिए गए। नोटिस अस्वीकार होने के बाद भी सांसद संसद की सुरक्षा पर चर्चा चाहते थे, लेकिन जब उन्हें इसकी इजाजत नहीं मिली तो हंगामा शुरू हो गया और कार्यवाही दोपहर 11 बजकर 30 मिनट तक के लिए स्थगित कर दी गई। दरअसल 13 दिसंबर को लोकसभा में दो व्यक्तियों के घुस आने के बाद से यह मुद्दा खड़ा हुआ। लोकसभा में बुधवार को दो युवक दर्शक दीर्घा से कूद कर सदन में घुस आए थे।

इन युवको ने लोकसभा में सांसदों के बीच रंग वाले पटाखों से धुआं फैला दिया था। इससे सदन में पीला धुआं हो गया। इसे सुरक्षा में गंभीर चूक माना जा रहा है। सोमवार को एक बार फिर से इस मुद्दे पर चर्चा के लिए जमकर हंगामा हुआ। विपक्ष सुरक्षा में गंभीर चूक का आरोप लगाते हुए गृहमंत्री से जानकारी व जवाब देने की मांग कर रहा है। मांग न माने जाने पर विपक्ष ने नारेबाजी की। विपक्ष का कहना है कि मामला बहुत गंभीर है। यह सिर्फ लोकसभा और राज्यसभा का सवाल नहीं है, बात यह है कि कड़ी सुरक्षा के बावजूद दो लोग कैसे अंदर आए और सुरक्षा में सेंध लगाई।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें