Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

US-Iran conflict : अचानक Airspace पर पाबंदियां लगाई गईं: इंडिगो प्रवक्ता

March 9, 2026

US-Iran conflict : अचानक Airspace पर पाबंदियां लगाई गईं: इंडिगो प्रवक्ता

नई दिल्ली: दिल्ली से मैनचेस्टर (यूके) जा रही इंडिगो की फ्लाइट को बीच रास्ते से ही वापस दिल्ली लौटना पड़ा। यह फ्लाइट इथियोपिया की सीमा के पास पहुंच चुकी थी, लेकिन अचानक यू-टर्न लेकर वापस लौट गई। इस घटना से फ्लाइट में मौजूद यात्रियों में कुछ समय के लिए घबराहट का माहौल बन गया।

इथियोपिया के पास पहुंचकर लिया यू-टर्न
फ्लाइट ट्रैकिंग सेवा फ्लाइटराडार24 के मुताबिक, दिल्ली से उड़ान भरने के बाद इंडिगो की फ्लाइट इथियोपिया के हवाई क्षेत्र के पास पहुंच गई थी। लेकिन अचानक विमान ने यू-टर्न ले लिया और वापस भारत की ओर लौटना शुरू कर दिया। बाद में विमान सुरक्षित तरीके से भारतीय हवाई क्षेत्र में वापस आ गया।

करीब 7 घंटे उड़ान के बाद लौटी फ्लाइट
बताया जा रहा है कि यह फ्लाइट करीब 7 घंटे तक हवा में उड़ान भर चुकी थी। इसके बाद इसे वापस दिल्ली लौटने का फैसला लिया गया। आमतौर पर दिल्ली से मैनचेस्टर की उड़ान का समय लगभग 11 घंटे होता है। फ्लाइटराडार 24 के अनुसार, दिल्ली से मैनचेस्टर के बीच की दूरी लगभग 6,829 किलोमीटर है। मौसम और रूट के आधार पर उड़ान का समय थोड़ा बदल सकता है।

26 फरवरी के बाद पहली उड़ान
मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव के कारण इस रूट पर उड़ानों को लेकर सावधानी बरती जा रही है। 26 फरवरी के बाद यह दिल्ली से मैनचेस्टर जाने वाली इंडिगो की पहली फ्लाइट थी।

एयरस्पेस पर पाबंदी बनी वजह
इंडिगो ने अपने बयान में कहा कि आखिरी समय में कुछ हवाई क्षेत्रों पर प्रतिबंध लगाए गए थे। इसी वजह से एयरलाइन को यह फैसला लेना पड़ा। इंडिगो के प्रवक्ता ने बताया कि मिडिल ईस्ट और उसके आसपास की स्थिति लगातार बदल रही है। ऐसे में कई फ्लाइट्स को लंबा रास्ता लेना पड़ सकता है या उनका रूट बदला जा सकता है।

यात्रियों की सुरक्षा सबसे जरूरी
एयरलाइन के प्रवक्ता ने कहा कि पश्चिम एशिया में मौजूदा हालात के कारण अचानक एयरस्पेस पर पाबंदियां लगाई गईं। इसी वजह से दिल्ली से मैनचेस्टर जा रही फ्लाइट 6E 033 को वापस अपने मूल स्थान यानी दिल्ली लौटना पड़ा। उन्होंने यह भी कहा कि एयरलाइन संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर स्थिति पर नजर रख रही है और यात्रा को दोबारा शुरू करने के विकल्पों पर काम किया जा रहा है। इंडिगो के अनुसार, यात्रियों, क्रू मेंबर्स और विमान की सुरक्षा उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें