नई दिल्लीः प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महान अभिनेता उत्तम कुमार को उनकी जन्म-शताब्दी के अवसर पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा है कि अपने अभिनय से लोगों के दिलों में रच-बस जाने वाले यह महानायक हमेशा लोगों के दिलों पर राज करते रहेंगे। मोदी ने अपने मासिक कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 137वीं कड़ी में रविवार को कहा कि तीन सितंबर को महानायक उत्तम कुमार की जन्म-शताब्दी मनाई जाएगी। उत्तम कुमार बहुमुखी प्रतिभा के धनी अभिनेता थे, जिन्होंने अपने अभिनय से लोगों के दिलों में विशेष स्थान बनाया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि फिल्म प्रेमियों का मानना है कि प्रसिद्ध फिल्मकार सत्यजीत रे ने अपनी फिल्म ‘नायक-द हीरो’ की पटकथा उत्तम कुमार को ध्यान में रखकर लिखी थी। सत्यजीत रे ने उनके भीतर गरिमा के साथ अद्भुत भावनात्मक गहराई होने की बात कही थी।
मोदी ने कहा कि उत्तम कुमार अपने किरदारों को जीवंत बनाने के लिए बहुत मेहनत करते थे और अभिनय के साथ-साथ परोपकार के लिए भी जाने जाते थे। उत्तम कुमार का जीवन कभी हार न मानने की प्रेरणा देता है। उनकी शुरुआती फिल्में सफल नहीं रहीं, लेकिन उन्होंने अपने काम पर ध्यान बनाये रखा और आगे चलकर अभिनय के क्षेत्र में बड़ी ऊंचाई हासिल की।
प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्हें याद है कि कोलकाता में रोड शो के दौरान वह उत्तम कुमार के घर के सामने से गुजरे थे और उस दौरान वहां एक व्यक्ति ने उन्हें उत्तम कुमार की तस्वीर भी भेंट की थी। उन्होंने महानायक उत्तम कुमार को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वह हमेशा लोगों के दिलों पर राज करते रहेंगे।

