Site icon Dainik Savera Times

उत्तर प्रदेश : ग्रेटर नोएडा में गोकशी करने वाले बदमाशों और पुलिस के बीच मुठभेड़, 4 गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा: जिले में दो थानों की पुलिस फोर्स और स्पेशल टीम के साथ शनिवार तड़के 4 गोवंश तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में पुलिस ने दो तस्करों को गोली लगने के बाद घायल अवस्था में और दो फरार तस्करों को कांबिंग के दौरान गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार तस्करों के पास से एक कार और अवैध हथियार बरामद हुए हैं।

पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया है कि थाना जारचा पुलिस, स्वाट टीम, थाना दादरी टीम और गौ तस्कर बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। थाना जारचा पुलिस टीम, स्वाट टीम व थाना दादरी पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी, इसी दौरान एक कार में सवार चार लोगों को आता देख कर पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया। लेकिन वो भागने लगे।

इसके बाद पुलिस ने उनका पीछा किया। इसी दौरान गोकशी करने वाले बदमाशों को पुलिस ने दादूपुर पुलिया से खटाना नहर के पास घेर लिया। इसके बाद बदमाश पुलिस पर फायरिंग करने लगे। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो गौकश बदमाश अरमान और उवेश गोली लगने से घायल हो गए। इनके दो साथी इस दौरान मौका पाकर वहां से फरार हो गए थे, जिनकी तलाश के लिए पुलिस कांबिंग कर रही थी।

थोड़ी ही देर में पुलिस को सफलता हाथ लगी और सगीर और शहजाद को कांबिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि घायल बदमाशों के कब्जे से दो तमंचा 315 बोर, दो खोखा कारतूस व चार जिंदा कारतूस 315 बोर तथा कांबिंग के दौरान गिरफ्तार दो बदमाशों से दो तमंचा 315 बोर व 2 जिंदा कारतूस 315 बोर तथा गोकशी का सामान और घटना में इस्तेमाल एक ईको कार बरामद हुई है। घायल बदमाशों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। इनके अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी ली जा रही है।

Exit mobile version